उज्जैन/मेरठ: मध्य प्रदेश के उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की मशहूर यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय (23) और उनकी मां सारिका (50) की मौत हो गई. उज्जैन महाकाल मंदिर के दर्शन के लिए परिवार कार से जा रहा था. रामाखेड़ी गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में जोरदार टक्कर मारकर घुस गई.
कार के परखच्चे उड़ गए. छवि और उनकी मां मौके पर ही दम तोड़ गईं. इस हादसे में छवि के पिता श्यामलाल, समधी सूरजपाल और ड्राइवर सचिन गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल आगर रेफर किया गया है. छवि वार्ष्णेय हाथरस की रहने वाली थीं. उनके यूट्यूब चैनल पर 7 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर्स और इंस्टाग्राम पर 1 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे.
वे डेली लाइफ व्लॉग्स और गेमिंग वीडियो बनाती थीं. परिवार के अनुसार वे पढ़ाई में अव्वल थीं और 2021 से यूट्यूब पर सक्रिय थीं. शवों को एनएचएआई की एंबुलेंस से बड़ौद के शासकीय अस्पताल लाया गया. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. आज शव हाथरस के महौखास गांव लाए जाएंगे. इलाके में शोक की लहर है.