मुंबई: बॉलीवुड के सुपरस्टार सलमान खान के हालिया पब्लिक अपीयरेंस ने उनके फैंस को चिंता में डाल दिया है. अभिनेता का काफी दुबला-पतला शरीर देखकर सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर चर्चा छिड़ गई है. शुक्रवार को सलमान खान मुंबई में स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) के ऑफिस गए थे, जहां उन्होंने अत्याधुनिक डेटा सेंटर का उद्घाटन किया और लाभार्थियों को घरों की चाबियां सौंपीं.
इस दौरान उनके वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिनमें उनका लुक सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना. फैंस ने कमेंट्स में लिखा, “सलमान भाई बीमार लग रहे हैं... भगवान उनका भला करें”, “क्या उन्हें कोई हेल्थ प्रॉब्लम है?”, “ये सच में सलमान खान हैं? उन्हें क्या हो गया है?” कुछ यूजर्स ने उन्हें “दादाजी” जैसे दिखने की बात भी कही.
हालांकि, कुछ फैंस ने उनका बचाव करते हुए कहा कि उम्र को स्वीकार करना हिम्मत का काम है और सलमान इस बात के हकदार हैं. सलमान खान फिलहाल ‘मातृभूमि’ फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें वे भारतीय सेना के कर्नल का रोल निभा रहे हैं.
फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी मुख्य भूमिका में हैं. फिलहाल सलमान खान की तरफ से उनकी सेहत को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन फैंस लगातार उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं.