तहसीलदार दिखा रहे थे रौब, किसान ने पुलिसवाले के सामने जड़ दिया तमाचा!

Global Bharat 24 Jun 2024 11:02: AM 2 Mins
 तहसीलदार दिखा रहे थे रौब, किसान ने पुलिसवाले के सामने जड़ दिया तमाचा!

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक किसान तहसीलदार को थप्पड़ जड़ता दिख रहा है. किसान की उम्र करीब 60 साल के आसपास होगी. किसान के एक हाथ से ही एसी में बैठने वाले तहसीलदार जमीन पर गिर जाते हैं, लोग कहते हैं ये सनी देओल का ढाई किलो वाला हाथ है. इस तरह की चीजों का समर्थन नहीं होना चाहिए, लेकिन वहां मौजूद लोगों का दावा है कि किसान को ऐसा करने के लिए तहसीलदार ने ही उकसाया था.

बात सिर्फ यहीं खत्म नहीं होती बल्कि उसके बाद तहसीलदार साहब दौड़े-दौड़े गाड़ी की तरफ जाते हैं कि यहां से किसी तरह निकल जाएं. पर वहां जाते ही देखते हैं पुलिस ने बुजुर्ग किसान के जवान भतीजे को पहले से पकड़ रखा है वो जैसे ही गाड़ी में बैठने की कोशिश करते हैं किसान का भतीजा गाड़ी के बाहर पैर मारता है और तहसीलदार जमीन पर गिर पड़ते हैं.

पुलिस दोनों चाचा-भतीजे को पकड़कर जेल में डाल देती है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की बातें करने लगते हैं. कोई कहता है तहसीलदार को भी जेल होनी चाहिए तो कोई कहता है हर जगह भ्रष्ट तहसीलदार बैठे हैं और तहसीलदार ने कुछ ऐसा कहा होगा जिससे किसान को गुस्सा आ गया होगा, हमने भी पूरा मामला जानने की कोशिश की तो पता चला कि ये वीडियो जसराना तहसील के नगला तुर्सी गांव का है.

वहां रहने वाला प्रवीण अपने खेत में बाउंड्री खड़ी कर रहा था, जिसके वीरेश्वर यादव नाम का पड़ोसी विरोध कर रहा था, क्योंकि उसगे बगल में वीरेश्वर का ढाई बीघा खेत है. प्रवीण ने 5-6 दिन पहले इसकी शिकायत SDM सतेंद्र सिंह से की. SDM ने जांच के लिए तहसीलदार लालता प्रसाद को भेजा. रविवार दोपहर तहसीलदार लालता प्रसाद राजस्व टीम और पुलिसकर्मियों के साथ नगला तुर्सी पहुंचे.

दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत की. लेकिन बात बनने की बजाय बिगड़ गई, पूरे मामले पर तहसीलदार का कहना है कि मैं वीरेश्वर को समझा रहा था, लेकिन वो नहीं माना. उसने मेरे साथ बदसलूकी की. मैं गिर गया, पुलिसवालों ने मुझे उठाया. जब मैं जीप में बैठा, तो उसके भतीजे धर्मेंद्र ने मुझे गिरा दिया.

तहसीलदार की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया, लेकिन कहानी सिर्फ इतनी नहीं है बल्कि सवाल ये है कि जिस राज्य में बड़े-बड़े माफिया पुलिस को देखकर सरेंडर कर दे रहे हैं. वहां पुलिस के सामने ही एक तहसीलदार के साथ एक चाचा-भतीजे ने ऐसा करने की हिमाकत कैसे कर दी. क्या लोगों में पुलिस का डर कम हो गया है या फिर तहसीलदार ने कुछ ऐसा कहा, जिसके बाद गुस्से में आकर वीरेश ने ऐसा किया.

गुस्से में भी कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं है. जिसने गलती की है, उसे सजा मिलनी चाहिए, लेकिन यूपी ही नहीं बल्कि कई राज्यों से ऐसी ख़बरें भी सामने आती है, जिसमें अधिकारी एक पक्ष में कार्रवाई करते हैं, और फिर मामला अलग लेवल पर पहुंच जाता है. वीडियो देखने के बाद आप क्या कहेंगे, कमेंट कर बताएं.  

Recent News