नई दिल्ली: लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी का मामला सामने आया है. इस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. शिकायतकर्ता के अनुसार, यह टिप्पणी फेसबुक पर 'श्रेया यादव' नाम की आईडी से की गई थी.
श्रेया खुद को समाजवादी पार्टी (सपा) की सक्रिय सदस्य बताती हैं और उनके फेसबुक अकाउंट पर 50 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं. 9 फरवरी की शाम को आलमबाग के दामोदर नगर स्थित कैंट विधानसभा प्रभारी देवेश कुमार गौतम के घर BSP की एक बैठक चल रही थी. बैठक के दौरान कुछ कार्यकर्ता फेसबुक स्क्रॉल कर रहे थे, तभी श्रेया यादव की आईडी से की गई एक टिप्पणी दिखी.
इसमें मायावती के प्रति अशोभनीय, अभद्र और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था. इस टिप्पणी को देखकर मौजूद कार्यकर्ताओं में भारी रोष फैल गया. उन्होंने इसे पार्टी प्रमुख का अपमान और अपनी भावनाओं पर चोट मानते हुए कानूनी कदम उठाने का फैसला किया. इसके बाद कैंट विधानसभा अध्यक्ष गंगाराम वर्मा ने कृष्णा नगर कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शिकायत के आधार पर पुलिस ने श्रेया यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मामले की गहराई से पड़ताल कर रही है. BSP कार्यकर्ताओं का कहना है कि सोशल मीडिया पर ऐसी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल न केवल व्यक्तिगत सम्मान को ठेस पहुंचाता है, बल्कि सामाजिक सद्भाव को भी प्रभावित करता है. वे चाहते हैं कि ऐसी घटनाओं पर सख्त रोक लगे. पुलिस का कहना है कि आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.