नई दिल्ली: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी की है कि देश में एक साथ कई मौसम सिस्टम सक्रिय हो गए हैं. उत्तरी अंडमान सागर और म्यांमार तट पर बने डिप्रेशन तथा उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा. 28 और 29 सितंबर को पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है.
डिप्रेशन का असर और अलर्ट
उत्तरी अंडमान सागर के पास बना कम दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन में बदल चुका है. यह शाम या रात तक डीप डिप्रेशन बनकर म्यांमार तट को पार कर सकता है. अंडमान द्वीप समूह में भारी बारिश और 50-60 किमी प्रति घंटा (झोंके 70-75 किमी) की हवाएं चलने का अनुमान है. मछुआरों को 1 अक्टूबर तक अंडमान सागर, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्वी हिस्से तथा म्यांमार-बांग्लादेश तटों के पास न जाने की सख्त सलाह दी गई है. उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश में चक्रवाती सर्कुलेशन और मध्य उत्तर प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र भी सक्रिय है.
पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ों पर असर
पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में मध्यम से भारी बारिश और बिजली कड़कने की संभावना है. हिमाचल में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. स्काईमेट रिपोर्ट के अनुसार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के मध्यम व ऊंचे पहाड़ी इलाकों में इस सीजन की पहली बर्फबारी हो चुकी है. किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुनो-चिरांग और चितकुल में बर्फ गिरी है. चितकुल में करीब 3 इंच बर्फ दर्ज की गई.
दिल्ली-एनसीआर समेत अन्य राज्यों का हाल
दिल्ली-एनसीआर में 28 सितंबर को बादल छाए रहेंगे. हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30-40 किमी प्रति घंटा की हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस रहेगा. 29 सितंबर के बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है. बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और अंडमान-निकोबार में भी छिटपुट बारिश के साथ आंधी-तूफान की आशंका है. उत्तर-पश्चिम भारत में 30 सितंबर से मौसम शुष्क होने लगेगा. लोगों से अपील है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का ध्यान रखें और आवश्यक सावधानी बरतें.