लखनऊ : राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी रणनीति साफ कर दी है. पार्टी विधायकों की बैठक में तीन प्रत्याशी उतारने का फैसला लिया गया है. हालांकि, नामांकन के बाद ही सभी नामों की आधिकारिक पुष्टि मानी जाएगी. जानकारी के मुताबिक, रामगोपाल यादव, पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन और सलीम इकबाल के नाम चर्चा में हैं.
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को मतदान होना है. चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 29 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी और 6 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे. सपा की बैठक में तीन सीटों पर प्रत्याशी उतारने की रणनीति सामने आई है. संभावित नामों में मौजूदा राज्यसभा सदस्य प्रो. रामगोपाल यादव, पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन और सलीम इकबाल का नाम शामिल बताया जा रहा है. इनमें रामगोपाल यादव और आलोक रंजन के नाम पहले से ही सपा की रणनीति में चर्चा में रहे हैं.
हालांकि, चुनावी गणित सपा के लिए तीसरी सीट को चुनौतीपूर्ण बनाता है. जानकारी के मुताबिक, एक राज्यसभा सीट के लिए करीब 37.9 प्रथम वरीयता मत की जरूरत होगी. सपा के पास अपने विधायकों के दम पर दो सीटों का गणित मजबूत माना जा रहा है, जबकि तीसरे प्रत्याशी के लिए अतिरिक्त समर्थन जुटाना पड़ेगा.
यही वजह है कि तीसरे उम्मीदवार को लेकर सियासी हलकों में खास नजर है. सपा नेतृत्व के सामने एक तरफ अपने मौजूदा सांसद को दोबारा उच्च सदन भेजने और दूसरी तरफ नए चेहरे के जरिए सामाजिक समीकरण साधने की चुनौती है. अब नजर 29 सितंबर के नामांकन पर होगी. अगर तीनों नामांकन दाखिल करते हैं तो राज्यसभा चुनाव में यूपी की 10 सीटों की लड़ाई और दिलचस्प हो जाएगी.