UP Politics: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कौशल किशोर ने सोमवार और मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक के बाद एक पोस्ट डालकर उत्तर प्रदेश की सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है. उनकी इन पोस्ट्स को पार्टी की अंदरुनी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है, खासकर यूपी चुनावों के माहौल में.
सोमवार को एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, ''आज मेरे एक मित्र से बात हो रही थी तो उन्होंने कहा कि गेंद जितनी ऊपर जानी थी चली गई अब नीचे आ रही है. नीचे आने की स्पीड भी बढ़ती जाती है. गेंद के गिरने की स्पीड को कोई कम नहीं कर सकता है.''
मंगलवार को एक और पोस्ट में उन्होंने कहा, ''कोई भी संगठन या आंदोलन जब अपने वसूलों से भटक जाता है तो जहां से शुरू करता है वहीं आ जाता है और विचारधारा से जुड़े लोगों का विश्वास भी टूट जाता है. इसलिए वसूलों से भटकना नहीं चाहिए.''
क्यों मची हलचल?
कौशल किशोर 2021 से 2024 तक नरेंद्र मोदी सरकार में राज्य मंत्री रह चुके हैं. उनकी पत्नी भी भाजपा की वर्तमान विधायक हैं. पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया गया है, लेकिन इन्हें पार्टी की अंदरुनी तकरार और नाराजगी का संकेत माना जा रहा है.
सोशल मीडिया पर ये पोस्ट तेजी से वायरल हो रही हैं और तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. भाजपा की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन अंदरूनी चर्चा जोरों पर है. कौशल किशोर ने आगे के प्लान को लेकर अभी कुछ नहीं कहा है.