पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया. उनकी तबीयत खराब होने के बाद उन्हें दिल्ली के AIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है.
कांग्रेस पार्टी के नेता शोक में डूबे
कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी अपने परिवार के साथ AIIMS अस्पताल में मौजूद थीं. वहीं, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बेलगाम, कर्नाटका में पार्टी कार्यक्रमों में थे, लेकिन जैसे ही उन्हें मनमोहन सिंह के निधन की खबर मिली, उन्होंने अपना दौरा समाप्त किया और दिल्ली के लिए रवाना हो गए. कांग्रेस पार्टी ने अगले दो दिनों के सभी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है.

राजनीतिक जगत ने जताया शोक
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी AIIMS पहुंचे और पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट कर डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया. कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने भी सोशल मीडिया पर शोक संदेश भेजा. उन्होंने कहा, "डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन से देश ने एक महान नेता और अर्थशास्त्री को खो दिया है. उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा."
मनमोहन सिंह का ऐतिहासिक योगदान
डॉ. मनमोहन सिंह का भारतीय राजनीति और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उनके नेतृत्व में भारत ने कई ऐतिहासिक आर्थिक सुधार किए, जिनकी वजह से देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिली. उनकी नीतियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को वैश्विक मंच पर स्थापित किया और देश की प्रगति को सुनिश्चित किया.