नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में आज उस मस्जिद की नींव रखी गई जिसे TMC के निलंबित विधायक हुमायूं कबीर “नई बाबरी मस्जिद” के नाम से प्रचारित कर रहे हैं. बेलडांगा में आयोजित भव्य समारोह में हजारों की भीड़ जुटी और “अल्लाहु अकबर” के नारे गूंजते रहे. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हुमायूं कबीर ने घोषणा की कि मस्जिद का कुल बजट 300 करोड़ रुपये रखा गया है.
इसका डिज़ाइन 1992 में ढहाई गई अयोध्या की पुरानी बाबरी मस्जिद से मिलता-जुलता होगा. मस्जिद परिसाइड में एक बड़ा मदरसा, अस्पताल, मुसाफिरखाना (होटल) और पार्क भी बनाया जाएगा. उन्होंने कोलकाता हाईकोर्ट का हवाला देते हुए कहा, “कोर्ट ने भी मान लिया है कि मैं कुछ गैर-कानूनी या असंवैधानिक नहीं कर रहा. यह मस्जिद हर हाल में बनेगी, कोई रोक नहीं सकता. यह पूरे मुस्लिम समुदाय की आन-बान-शान का सवाल है.”
हुमायूं ने चुनौती भरे लहजे में यह भी कहा, “मुझे खबर मिली है कि कुछ स्वार्थी ताकतों ने मेरे सिर पर एक करोड़ का इनाम रख दिया है. लेकिन न उत्तर प्रदेश से कोई गुंडा आएगा, न मध्य प्रदेश से — कोई मेरी ओर आंख उठाकर भी नहीं देख सकता.” राजनीतिक मोर्चे पर हुमायूं ने दोहराया कि 22 दिसंबर को वे अपनी नई पार्टी का औपचारिक ऐलान करेंगे.
उसी दिन पार्टी पदाधिकारियों के नाम भी घोषित होंगे. भरतपुर सीट से विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद वे 2026 के विधानसभा चुनाव में अल्पसंख्यक बहुल सीटों पर जोर देंगे और जरूरत पड़ी तो वाम मोर्चा के साथ गठजोड़ भी कर सकते हैं. फिलहाल मस्जिद की नींव रखे जाने के साथ ही मुर्शिदाबाद की सियासत में नया तूफान खड़ा हो गया है.