Ranveer Singh FWICE Controversy: फरहान अख्तर की फिल्म डॉन 3 से रणवीर सिंह के अलग होने के बाद पैदा हुआ विवाद अब नया मोड़ ले चुका है. इस मामले में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने पहले रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन का फैसला लिया था, लेकिन अब संगठन ने अपना यह निर्णय वापस ले लिया है.
बताया जा रहा है कि रणवीर सिंह ने 2 जून को FWICE को कानूनी नोटिस भेजकर नॉन-कोऑपरेशन के फैसले पर आपत्ति जताई थी. इसके बाद 3 जून को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में FWICE के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उनके पास किसी कलाकार पर प्रतिबंध लगाने का अधिकार नहीं है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद फिल्म जगत के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने बताया कि कई प्रमुख संस्थाओं ने FWICE से अपना फैसला वापस लेने का अनुरोध किया था. इसी के मद्देनज़र संगठन ने नॉन-कोऑपरेशन आदेश रद्द करने का निर्णय लिया.
FWICE से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि फिल्म इंडस्ट्री आपसी सहयोग से चलती है और किसी भी विवाद का समाधान बातचीत के जरिए निकाला जा सकता है. वहीं रणवीर सिंह द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिस का जवाब भी कानूनी प्रक्रिया के तहत दिया जाएगा.