पटना: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के बरियारपुर गांव से ताल्लुक रखने वाले एक युवा ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांति ला दी है. यह युवा हैं गौरव कुमार, जो पटना के आईआईटी से पढ़ाई करने वाले पूर्व छात्र हैं. बचपन से ही पढ़ाई में होशियार और सामाजिक मुद्दों के प्रति संवेदनशील रहे गौरव ने छोटे शहर मोतिहारी से निकलकर बड़े शहरों में शिक्षा हासिल की.
यह भी पढ़ें: BLA ने पाकिस्तानी के 17 सैनिकों पकड़ कर कोर्ट में चलाया केस, अब दिया 7 दिन का अल्टीमेटम
उन्हें अक्सर बड़े अस्पतालों के बाहर ग्रामीण इलाकों से आए मरीजों की लंबी कतारें और परेशानियां दिखती थीं. ये लोग डॉक्टर से मिलने के लिए घंटों इंतजार करते, जबकि बीच में दलाल और बिचौलिए उन्हें ठगते और परेशान करते. यह सब देखकर गौरव के मन में हमेशा एक सवाल घूमता रहता था कि इन भोले-भाले लोगों की मदद कैसे की जाए.
कैंसर से हुई थी मां की मौत
फिर एक व्यक्तिगत सदमा आया. उनकी मां को कैंसर हुआ और इलाज के लिए सही स्पेशलिस्ट ढूंढने में उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. इसी अनुभव ने उन्हें प्रेरित किया कि वे इस समस्या का कोई स्थायी हल निकालें. करीब एक साल की लगातार मेहनत और रिसर्च के बाद गौरव ने एक ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार किया, जिससे मरीज घर बैठे ही अच्छे डॉक्टरों से संपर्क कर सकें, अपॉइंटमेंट बुक कर सकें और स्पेशलिस्ट की जानकारी आसानी से पा सकें. इस विचार को पटना आईआईटी ने बहुत सराहा और उन्हें शुरुआती काम के लिए 25 लाख रुपये का फंडिंग सपोर्ट मिला.
BigOHealth नामक ऐप बनाया
इसके बाद गौरव ने अपनी टीम के साथ मिलकर इसे और बेहतर बनाया. 2021 में उन्होंने BigOHealth नाम से यह ऐप लॉन्च किया. आज यह प्लेटफॉर्म हजारों डॉक्टरों और मरीजों को जोड़ रहा है, खासकर ग्रामीण और छोटे शहरों के लोगों को कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों और स्पेशलिटी केयर में आसान पहुंच दे रहा है. उनके इस योगदान के लिए कई सम्मान मिले हैं. भारत सरकार की संस्था BIRAC ने भी उन्हें सराहा है.
गूगल के हाथों मिला सम्मान
हाल ही में 2025 में गूगल की वाइस प्रेसिडेंट पूर्णिमा कोच्चिक्कर ने वियतनाम में एक बड़े कार्यक्रम में उन्हें विशेष सम्मानित किया. गौरव की यह यात्रा दिखाती है कि अगर जिद और सही दिशा में मेहनत हो, तो एक छोटे गांव का लड़का भी लाखों लोगों की जिंदगी आसान बना सकता है. आज BigOHealth ग्रामीण भारत में स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है.
यह भी पढ़ें: भारत-बांग्लादेश को लेकर बड़ी खबर, ओम बिरला और विक्रम मिस्री को PM मोदी ने दी खास जिम्मेदारी
यह भी पढ़ें: कांवरियों ने यूपी के पेट्रोल पंप पर अगरबत्ती जलाने से मना करने वाले व्यक्ति को पीट डाला