गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के एक थाने में पुलिसकर्मी उस समय हैरान रह गए जब एक युवती 400 लोगों के खिलाफ छेड़खानी का रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची. पूरा मामला तब शुरू हुआ, जब वायरल हुए एक वीडियो में कुछ लोग युवती को धकियाते नजर आए. इस मामले में युवती ने 400 लोगों के खिलाफ छेड़खानी, बाल खींचने सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है.
इसी बीच स्थानीय लोगों ने थाने पहुंचकर युवती के आरोपों को झूठा करार दिया और कार्रवाई करने की मांग की. उधर युवती की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस ने जानकारी दी है कि गाजियाबाद के विंडसर सोसायटी के गेट के पास कुत्तों को खाना खिलाने को लेकर विवाद हो गया था. कुछ लोग विरोध जताते हुए हंगामा करने लगे.
युवती का आरोप है कि जब वह गेट पर पहुंची तो उसको देखते ही भीड़ में शामिल लोग उसपर चिल्लाने लगे. युवती ने आरोप लगाया कि भीड़ में शामिल करीब 400 लोगों ने उसे गलत तरीके से छुआ और गाली-गलौज की. पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने आरोप लगाया कि लोगों ने उसके साथ धक्का-मुक्की की, उसके बाल खींचे और मारपीट की. युवती का आरोप है कि वहां मौजूद महिलाओं ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया और उसे दोबारा पिटवाने की कोशिश की.
महिलाओं ने उस पर बच्चा चोरी करने का आरोप लगाया. युवती की शिकायत पर नंदग्राम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. एसपी पूनम मिश्रा ने बताया कि युवती की शिकायत पर 400 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है. वहीं थाने पहुंचे लोगों ने बताया कि उनकी सोसायटी में कुत्तों ने आतंक मचा रखा है, जिस वजह से बच्चे-बुजुर्ग घरों में रहने को मजबूर हैं.
इसी बीच सोसायटी के लोग इकट्ठे होकर कुत्तों को भगा रहे थे. इस दौरान दूसरे सोसायटी की युवती ने फोन किया और कुत्ते के भगाने का विरोध किया. उसने लोगों को अपशब्द कहकर अंजाम भुगतने की धमकी दी. सोसायटी के लोगों ने बताया कि किसी ने भी युवती के साथ छेड़छाड़ नहीं की. वह झूठा आरोप लगा रही है. वहीं एसएचओ ने दोनों पक्षों को उचित कार्रवाई करने की बात कही है.