Fraud in the Name of Love: गाजियाबाद में ऑनलाइन दोस्ती का जाल बिछाकर ठगी और लूट के दो नए मामले सामने आए हैं. एक युवक को डेट पर बुलाकर बुरी तरह पीटा गया, जबकि दूसरी घटना में शादी का लालच देकर एक महिला को लाखों रुपए ठगा गया. 2 अप्रैल को फरीदाबाद के बल्लभगढ़ रहने वाले बलवंत सिंह को एक लड़की ने फोन करके मिलने के लिए आमंत्रित किया. उसने गौड़ सिटी के पास स्थित एक जगह पर आने को कहा.
शुरुआत में युवक को थोड़ा संदेह हुआ, लेकिन लड़की के बार-बार भरोसा दिलाने पर वह वहां पहुंच गया. लड़की ने उसे ईगल हाउस नाम के रेस्तरां के बाहर मिलकर अंदर बिठा लिया. बैठते ही बिना पूछे खाने-पीने का ऑर्डर दे दिया गया. मात्र 20 मिनट के अंदर बिल 15 से 18 हजार रुपए तक पहुंच गया.
जब बलवंत सिंह ने इतना बड़ा बिल भरने से मना कर दिया, तो अचानक चार लड़के वहां आ गए. उन्होंने युवक को घेर लिया और करीब 20 मिनट तक उसकी जमकर पिटाई की. साथ ही जबरन पैसे देने के लिए धमकाया गया. किसी तरह जान बचाकर बलवंत सिंह वहां से भाग निकला और पुलिस को सूचना दी.
पीड़ित ने बताया कि उसकी इस लड़की से सोशल मीडिया पर बातचीत शुरू हुई थी, जिसके बाद डेट पर बुलाया गया. पुलिस का कहना है कि कविनगर थाने में लड़की और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या यह कोई गैंग है जो इसी तरीके से लोगों को फंसाता है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया या किसी भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अनजान लोगों पर जल्दी भरोसा न करें.