Etawah Safari Park Story: इटावा सफारी पार्क में अब नया जोड़ा बसने वाला है. यहां 9 साल पहले जन्मे दो नर शेर सिंबा और सुल्तान के लिए हरियाणा के रोहतक प्राणी उद्यान से शेरनी सुधा को लाया जा रहा है. सफारी प्रशासन के मुताबिक, शेरनी सुधा को इटावा लाने के बदले यहां का नर शेर विश्वा को रोहतक भेज दिया जाएगा. दोनों तरफ औपचारिकताएं पूरी होने के बाद यह अदला-बदली की जाएगी.
बता दें कि सिंबा और सुल्तान इटावा सफारी के ब्रीडिंग सेंटर में जन्मे पहले शावक हैं. इनका जन्म वर्ष 2016 में शेर मनन और शेरनी जेसिका के बीच हुई मेटिंग से हुआ था. शेरनी सुधा पहले भी दो बार मां बन चुकी है. उसे इटावा लाने से पहले उसका पूरा स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा. इसके लिए उसके सैंपल आईवीआरआई बरेली और एनसीबीएस बेंगलुरु भेजे जा रहे हैं.
सफारी पार्क के निदेशक डॉक्टर अनिल कुमार पटेल ने बताया कि वे 2 अप्रैल को वन्य जीव चिकित्सक डॉक्टर रोबिन यादव के साथ रोहतक प्राणी उद्यान का दौरा कर चुके हैं. वहां जरूरी बातचीत और औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं.
इसके अलावा इटावा सफारी प्रशासन राजगीर प्राणी उद्यान से एक अर्ध-वयस्क नर शेर लाने की कोशिश भी कर रहा है. गुजरात के सक्करबाग जू से शेरनी लाने के लिए भी पत्राचार चल रहा है. इन दोनों मामलों में भी अदला-बदली की संभावना है.