लखनऊ: उत्तर प्रदेश के निगोहन इलाके में मंगलवार देर रात ग्राम प्रधान द्वारा कथित तौर पर परेशान किए जाने के बाद एक 16 वर्षीय लड़की ने आत्महत्या कर ली. पड़ोसियों ने उसे वेंटिलेटर से लटकते हुए देखा था, जिसके बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई. आनन-फानन में लड़की को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका के परिजनों ने स्थानीय प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि आरोपी ने बहला-फुसलाकर उसके साथ यौन संबंध बनाए. अधिकारियों ने शुक्रवार को आरोपी प्रधान नवनीत रावत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की.
पीड़िता के भाई के अनुसार, रावत तब उनके घर आता था जब उसकी बहन अकेली होती थी. उन्होंने बताया कि नवनीत चुनाव के दौरान घर आता था. पहले तो हमें लगा कि शायद वह वोट मांगने आया होगा, लेकिन चुनाव जीतने के बाद भी उसका हमारे घर आना-जाना ऐसे ही जारी रहा. लड़की के भाई ने बताया कि उसने (प्रधान ने) समय के साथ उसका विश्वास जीत लिया और बात करने के लिए उसे एक मोबाइल फोन भी दिया. उसने आगे बताया कि रावत उससे शादी करने की बात करता था.
लड़की के भाई आगे बताते हैं... जब उसकी बहन ने उस पर शादी के लिए दबाव डाला, तो वह टालमटोल करने लगा. उसने मंगलवार को बहन को मिलने के लिए बुलाया और उससे शादी करने से इनकार कर दिया. जब उसने जोर दिया, तो उसने उसके साथ मारपीट की और उसने चेतावनी दी कि वह पुलिस में शिकायत करेगी, तो उसकी तस्वीरें और वीडियो वायरल कर दी जाएगी. जिसके बाद वह रोती हुई घर लौटी और मां को सारी बात बताई.
मां ने उसे बुधवार सुबह फिर से नवनीत से बात करने के लिए कहा, लेकिन उससे पहले, उसने आत्महत्या कर ली. पुलिस ने कहा कि घटना के समय वह घर पर अकेली थी. मोहनलालगंज के एसीपी रजनीश कुमार ने कहा कि जब पड़ोसियों ने उसे वेंटिलेटर से लटकते देखा, तो उन्होंने परिवार को सूचित किया. उसके पिता घर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. आरोपी के खिलाफ बीएनएस धारा 69, 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), और 352 (जानबूझकर अपमान) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.