नई दिल्ली: पिछले सप्ताह सोने और चांदी दोनों की कीमतों में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई. पांच दिनों की लगातार तेजी के बावजूद, एमसीएक्स पर सोना अपने सर्वकालिक उच्चतम स्तर से अभी भी 48,000 रुपए प्रति 10 ग्राम से अधिक सस्ता है. चांदी की बात करें तो यह भी अपने पीक स्तर से करीब 1.81 लाख रुपए प्रति किलोग्राम कम पर उपलब्ध है. पिछले पांच कारोबारी सत्रों में 1 किलोग्राम चांदी के दाम 14,000 रुपए से ज्यादा घट चुके हैं.
चांदी में तेजी आई, लेकिन हाई लेवल से अभी दूर
चांदी के बारे में सबसे पहले बात करें तो, एमसीएक्स पर 5 मई एक्सपायरी वाले चांदी के वायदा अनुबंध में पिछले सप्ताह 14,805 रुपए की बढ़त देखने को मिली. 10 अप्रैल को 1 किलोग्राम चांदी 2,43,274 रुपए पर बंद हुई थी, जो पिछले शुक्रवार को 2,58,079 रुपए प्रति किलोग्राम पर बंद हुई.
हालांकि पूरे सप्ताह की इस तेजी के बाद भी चांदी अपने उच्चतम स्तर से काफी नीचे है. इस साल जनवरी में चांदी का भाव एमसीएक्स पर पहली बार 4 लाख रुपए प्रति किलोग्राम के ऊपर गया था और यह 4,39,337 रुपए का अपना जीवनकाल का सर्वोच्च रिकॉर्ड छू चुकी थी. उस स्तर से अब भी यह लगभग 1,81,258 रुपए प्रति किलोग्राम सस्ती चल रही है.
सोने में भी पिछले हफ्ते मजबूती
सोने की कीमतों की बात करें तो यह भी पिछले सप्ताह चांदी की तरह ही चमका. 10 अप्रैल को 24 कैरेट सोने का 10 ग्राम भाव एमसीएक्स पर 1,52,652 रुपए था, जो पिछले शुक्रवार को बढ़कर 1,54,605 रुपए पर बंद हुआ. यानी पूरे सप्ताह में सोना 1,953 रुपए प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ.
जनवरी महीने में सोना भी तेज गति से चढ़ा था और पहली बार 2 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया था. एमसीएक्स पर इसका सर्वकालिक उच्चतम स्तर 2,02,984 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा. वर्तमान भाव की तुलना करें तो सोना अभी भी उस रिकॉर्ड स्तर से 48,379 रुपए सस्ता मिल रहा है.