अनोखी पहल: महाराष्ट्र में शादी के दिन दूल्हे ने पूरे गांव का कराया बीमा

Amanat Ansari 26 May 2026 02:45: PM 1 Mins
अनोखी पहल: महाराष्ट्र में शादी के दिन दूल्हे ने पूरे गांव का कराया बीमा

नांदेड़: महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में एक शादी समारोह अनोखे सामुदायिक कल्याण कार्य में बदल गया. दूल्हे के परिवार ने पूरे गांव के लगभग सभी लोगों को एक्सीडेंट बीमा गिफ्ट कर दिया. नांदेड़ जिले के कंधार तहसील के बहादुरपुरा गांव में सिद्धेश्वर पेठकर और मंजुषा की शादी के दौरान पेठकर परिवार ने गांव के करीब 3,500 निवासियों को 1 लाख रुपए का एक्सीडेंट बीमा कवर प्रदान किया.

इस पहल को खास बनाने वाली बात सिर्फ इसकी बड़ी संख्या नहीं, बल्कि इसके पीछे का उद्देश्य है. बहादुरपुरा गांव की मतदाता सूची में 3,600 से ज्यादा नाम हैं. परिवार के अनुसार, लगभग सभी लोगों को अब इस बीमा योजना के तहत कवर कर लिया गया है.

बीमा में क्या कवर है?

यह पॉलिसी सांप के काटने, बिजली गिरने, जानवरों के हमले, सड़क दुर्घटना और घरेलू कामों के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं में मौत होने पर परिवार को 1 लाख रुपये की सहायता राशि देगी. दूल्हे के बड़े भाई अनूप पेठकर ने बताया कि यह शुद्ध रूप से एक्सीडेंट इंश्योरेंस है. किसी भी तरह की दुर्घटना में मौत होने पर परिवार को एक लाख रुपए मिलेंगे.

अनूप ने कहा कि गांव में अचानक दुर्घटनाओं के बाद परिवारों को होने वाली आर्थिक परेशानी देखकर यह विचार उनके मन में आया. दूल्हे सिद्धेश्वर पेठकर ने कहा कि इन कठिनाइयों को देखकर मेरे बड़े भाई ने सोचा कि हमें भी समाज के लिए कुछ करना चाहिए. यह कोई एक बार की दिखावा वाली पहल नहीं थी. परिवार पहले भी ''बीमा और हेलमेट कैंप'' आयोजित कर चुका है, जिसमें एक दिन में 900 लोगों को बीमा कराया गया था. अनूप की अपनी शादी में उन्होंने मेहमानों को हेलमेट बांटे थे.

दुल्हन मंजुषा पेठकर ने कहा, ''हम चाहते थे कि हमारी शादी गांव के लिए एक छोटा सा उपहार बने. आज हमारा पूरा परिवार और हम दोनों बेहद खुश हैं.'' इस अनोखे काम की सोशल मीडिया पर खूब सराहना हो रही है. शिवसेना सांसद मिलिंद देवड़ा ने इसे प्रेरणादायक बताया. एक यूजर ने लिखा, ''सराहनीय! जो काम सरकार को करना चाहिए, वो एक आम नागरिक ने कर दिखाया.''

Nanded wedding Bahadurpura village accident insurance Pethkar family

Recent News