Pakistani drone spotted at the LoC: जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं. शुक्रवार रात करीब 8:05 बजे पाकिस्तान की ओर से एक ड्रोन (UAV) का पता चला. सेना के सूत्रों के मुताबिक, यह ड्रोन पूंछ जिले के मेंढर सेक्टर में बह्टी गांव के आसपास मंडराता दिखा. यह क्षेत्र 22 जम्मू एंड कश्मीर राइफल्स (22 JAK RIF) के ऑपरेशनल क्षेत्र में आता है. सुरक्षाकर्मियों ने ड्रोन को ट्रैक किया.
यह मंगलनार-डब्रोते अक्ष की ओर बढ़ा और फिर पाकिस्तान की ओर लौट गया. तुरंत पूरे फ्रंट सेक्टर में हवाई और जमीनी निगरानी बढ़ा दी गई. शनिवार सुबह से आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान भी शुरू किया गया, ताकि कोई हथियार, विस्फोटक या प्रतिबंधित सामान गिराया तो नहीं गया हो. सीमा पर निगरानी जारी है.
यह घटना हाल के हफ्तों में जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी ड्रोन की कई घटनाओं के बीच हुई है. इससे पहले कठुआ, राजौरी के सुंदरबनी और पूंछ के बह्टी सेक्टर में भी ऐसे ड्रोन देखे जा चुके हैं. कुछ मामलों में सेना ने फायरिंग भी की थी. इसके अलावा उधमपुर, कठुआ और राजौरी के जंगली इलाकों में भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चल रहे हैं.