कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां दूसरे समुदाय के व्यक्ति ने हिंदू युवती से दोस्ती की, उसका जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराया और दोस्तों से गैंगरेप कराया. मामला प्रकाश में आते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. उधर शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुख्य आरोपी मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार कर लिया और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी.
दावा किया जा रहा है कि कुछ साल पहले युवती की दोस्ती कैफ से हुई थी. उसने युवती को प्रेम जाल फांसकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया. इसी बीच पांच महीने पहले युवती की शादी उनके ही समुदाय के हो गई, तो कैफ ने युवती को धमकाना शुरू कर दिया. वह बार-बार युवती को फोन कर उसपर शादी तोड़कर दबाव डालने लगा.
इसी बीच युवती ने कैफ की बहन को पूरी बात बताई तो उन्होंने मामला निपटाने का बहाना बनाकर घर बुलाया. जहां कैफ के दो दोस्त- इरफान और शाह आलम पहले से मौजूद थे. युवती जैसे ही वहां पहुंची, सभी ने मिलकर बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाई. युवती नहीं मानी तो उसके साथ मारपीट भी की गई. इसी बीच आरोपियों ने मौलाना इमरान को बुलाया और धर्म परिवर्तन कर कैफ से शादी करने की बात कही.
पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने बताया कि आरोपियों ने मौलाना के साथ मिलकर उसे इस्लाम अपनाने के लिए मजबूर किया, कुरान की आयतें पढ़ाई और बुर्का पहनाया. इसी बीच युवती किसी तरह से हैवानों के चंगुल से निकल कर पुलिस थाने तक पहुंच गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज किया और मुख्य आरोपी मोहम्मद कैफ को गिरफ्तार कर लिया.
कौशांबी डीएसपी जेपी पांडेय ने बताया कि मुख्य आरोपी कैफ को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. वहीं अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है. उन्होंने बताया कि पीड़िता के बायन और बरामद बुर्के के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.