कैंची धाम में सनसनीखेज मामला! होमस्टे मैनेजर की बेटी से छेड़छाड़, दो पुलिसकर्मियों पर आरोप; स्थानीय लोगों ने की पिटाई

Amanat Ansari 14 Jun 2026 10:59: PM 1 Mins
कैंची धाम में सनसनीखेज मामला! होमस्टे मैनेजर की बेटी से छेड़छाड़, दो पुलिसकर्मियों पर आरोप; स्थानीय लोगों ने की पिटाई

नैनीताल: उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम में 15 जून को होने वाले स्थापना दिवस समारोह से ठीक पहले बड़ा बवाल मच गया. मेले की ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर एक होमस्टे मैनेजर की बेटी के साथ छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आक्रोशित होकर दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया, उनकी पिटाई की और उन्हें पुलिस चौकी पहुंचा दिया.

शनिवार रात जब पीड़िता अपनी बहन के साथ रिश्तेदार के घर से लौट रही थी, तब पास के होमस्टे में ठहरे दो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ की. पीड़िता के पिता की शिकायत पर भवाली पुलिस ने सहायक उपनिरीक्षक जितेंद्र प्रसाद और मुख्य आरक्षी जितेंद्र कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. दोनों पर छेड़छाड़ और अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है.

शिकायतकर्ता का आरोप है कि घटना के समय दोनों पुलिसकर्मी नशे में थे. विरोध-प्रदर्शन के बाद आरोपी पुलिसकर्मियों को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है ताकि नशे की पुष्टि हो सके. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. भीड़ ने दोनों को घेरकर पिटाई भी की.

भवाली थाना प्रभारी प्रकाश सिंह मेहरा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच चल रही है और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी. ये दोनों पुलिसकर्मी 15 जून को कैंची धाम स्थापना दिवस के मद्देनजर सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे. कैंची धाम बाबा नीम करोली महाराज का प्रसिद्ध आश्रम है, जहां हर साल हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और आगे की जांच जारी है.

Kainchi Dham Nanital Kainchi Dham Nanital News Nanital Kainchi Dham

Recent News