10 बार सांप के काटने के बाद मौत का किया गया था दावा, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ भयंकर खुलासा

Amanat Ansari 16 Apr 2025 06:22: PM 1 Mins
10 बार सांप के काटने के बाद मौत का किया गया था दावा, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ भयंकर खुलासा

नई दिल्ली: मेरठ के बहसूमा में सांप के काटने के बाद मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है, क्योंकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट नहीं हुआ कि युवक की मौत सांप के ही काटने के बाद हुई थी. हालांकि उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी तक परिजनों को नहीं मिली है. इस मामले में एसपी देहात, राकेश कुमार मिश्रा ने जानकारी दी है कि अस्पताल के सीएमओ ने कहा कि पोस्टमार्टम में सांप के काटने के निशान के साथ शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं. वहीं, मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने की वजह से विसरा सुरक्षित रख लिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस अवलोकन करेगी. एसपी देहात ने आगे कहा कि इस मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई भी तहरीर नहीं दी गई है. जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी.

बता दें कि बहसूमा के अकबरपुर सादात गांव में शनिवार रात बिस्तर पर सो रहे अमित उर्फ मिक्की कश्यप (25) के नीचे दबने पर सांप ने उसे 10 बार डसा था, इससे उसकी मौत की बात कही गई थी. रविवार की सुबह तक सांप अमित के शव के नीचे दबा रहा. परिजन ने सपेरे को बुलाकर सांप को पकड़वाया, अमित को चिकित्सक को दिखाया लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया. ग्रामीणों ने बताया था कि अमित के हाथ-पैर व शरीर पर 10 जगह पर सांप के डसने के निशान थे वहीं कुछ ग्रामीणों ने सांप के काटने से मौत पर संदेह भी जताया था.

कुछ लोगों ने कहा था सांप के डसने के बाद उठ नहीं पाया और सांप उसके नीचे दबा रहा. परिजनों का कहना है कि अमित रात में करीब 10 बजे मजदूरी कर आया था. थकने के कारण वह खाना खाकर बिस्तर पर लेट गया था. सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब परिजन उसे कमरे में जगाने के लिए पहुंचे तो उसके बिस्तर पर बैठे सांप को देखकर ठिठक गए. जबकि अमित बिस्तर पर बेसुध पड़ा था.

परिजन ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए. पुलिस और गांव महमूदपुर सिखेड़ा निवासी सपेरे को सूचना दी गई. सुबह करीब साढ़े सात बजे मौके पर पहुंचे सपेरे ने सांप को पकड़ा. पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. सपेरे ने सांप को जंगल में छोड़ दिया. बता दें कि मृतक शादीशुदा था और चार भाई और एक बहन में दूसरे नंबर का था. उसके तीन बच्चे थे.  

meerut snake bite snake snake bites snake bite snakes bitten by a snake

Recent News