महाराष्ट्र में 28 जून 2026 को टीईटी की परीक्षा आयोजित होनी थी, जिसे महाराष्ट्र में सरकारी अध्यापकों की नियुक्ति के लिए आयोजित किया जाता है। वहीं परीक्षा से ठीक 24 घंटे पहले ठाणे से परीक्षा का पेपर लीक हो गया, जिसके बाद परीक्षा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इसके बाद पुलिस ने ठाणे के कई इलाकों में छापेमारी की। ठाणे के भिवंडी इलाके में पुलिस ने पेपर बरामद किए हैं।
इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और एग्जामिनेशन काउंसिल के अधिकारियों से भी पूछताछ की गई है। पेपर लीक की गोपनीय सूचना मिलने के चलते पुलिस ने 27 जून की सुबह ही कार्रवाई की। जांच में पुलिस यह पता लगाने में भी जुटी है कि प्रश्न-पत्र कैसे लीक हुआ।
28 जून 2026 को होने वाली परीक्षा के लिए प्रशासन ने कई इंतजाम किए थे। पूरे महाराष्ट्र में 1,729 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। मेटल डिटेक्टर और 18,000 AI CCTV कैमरों की व्यवस्था की गई थी। महाराष्ट्र का टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट राष्ट्रीय स्तर पर कक्षा 1 से 8 तक के अध्यापकों की नियुक्ति के लिए आयोजित किया जाता है। अध्यापक नियुक्ति के लिए यह एक अनिवार्य परीक्षा है। 28 जून 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए 4.28 लाख से अधिक उम्मीदवार पंजीकृत थे। वहीं 2026 में नीट यूजी पेपर लीक होने के बाद अब महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा का पेपर भी लीक हो गया है।