संतकबीरनगर : उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर से रिश्तों को चौंका देने वाला मामला सामने आया है. यहां पत्नी के प्रेम प्रसंग से परेशान पति ने खुद अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से मंदिर में करा दी। यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
जानकारी के अनुसार, बुद्धिराम की शादी करीब 21 साल पहले खुशी से हुई थी. दोनों के पांच बच्चे हैं और परिवार सामान्य तरीके से चल रहा था, लेकिन कुछ समय पहले खुशी का गांव के ही युवक अवधेश से प्रेम संबंध हो गया, इसके बाद घर में आए दिन झगड़े होने लगे. पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पूरे गांव में चर्चा का विषय बन गया.
बताया जा रहा है कि बुद्धिराम ने कई बार पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नहीं बदली. रोज-रोज के विवाद और तनाव से तंग आकर उसने बड़ा फैसला लिया. बुद्धिराम ने गांव के लोगों की मौजूदगी में खुशी और अवधेश को मंदिर ले जाकर दोनों की शादी करा दी. शादी के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और वैवाहिक रस्में भी पूरी की गईं.
घटना के बाद बुद्धिराम ने कहा कि वह रोज के झगड़े से परेशान हो चुका था. इसलिए उसने दोनों को साथ रहने का फैसला करने दिया. वहीं, शादी के बाद खुशी अपने प्रेमी अवधेश के साथ चली गई. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इस अनोखे फैसले की पूरे जिले में चर्चा है. कोई बुद्धिराम के फैसले को मजबूरी बता रहा है तो कोई इसे त्याग की मिसाल कह रहा है. फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है और लोग इस पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं.