रामपुर: रामपुर जिले में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और उसके परिवार पर दहेज के लिए दबाव बनाने के लिए अपने 8 महीने के बेटे को उल्टा लटकाकर गांव की सड़कों पर घुमाया. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में गुस्सा फैल गया है. आरोपी, संजू ने कथित तौर पर अपनी पत्नी के साथ दहेज को लेकर झगड़े के बाद यह कदम उठाया. स्थानीय लोगों के अनुसार, संजू बार-बार अपनी पत्नी से पैसे और कार की मांग कर रहा था.
पीड़िता सुमन ने बताया, "मेरी शादी 2023 में हुई थी. जब मैं वहां गई, तो उन्होंने मुझे मारा. इसमें मेरे जेठ, देवर, सभी शामिल थे. उन्होंने कहा, '2 लाख रुपए और एक कार लाओ.' हर बार इस बात को लेकर मुझे मारते थे. मेरा बच्चा सिर्फ 8 महीने का है, और कोई मेरी बात नहीं सुन रहा. अब मैं आगे बढ़ना चाहती हूं. उन्होंने दहेज मांगा और अब मेरे बच्चे को उल्टा लटकाकर पूरे गांव में घुमाया. गांव में किसी से भी पूछ लो सबने वीडियो देखा है. वह लोगों से कह रहा था, 'वीडियो बनाओ.' वह बार-बार कहता था, 'मुझे पैसे दो.' मेरे पास पैसे नहीं हैं मैं कहां से लाऊं? फिर उसने मुझे मारना शुरू किया और बच्चे को लटकाया. उसने गांव में चार चक्कर लगाए. बच्चा अब बीमार है, उसका कूल्हा खिसक गया है. हम उसका इलाज करा रहे हैं. मैं गरीब हूं मैं क्या करूं? पुलिस मेरी बात नहीं सुन रही. मैं चाहती हूं कि उसके पूरे परिवार को जेल हो."
मिलक खानम थाने की प्रभारी निशा खटाना मामले की पुष्टि की है. उन्होंने बताया, "संजू के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है और मामला काउंसलिंग सेंटर को भी भेजा गया है."