वाराणसी: उत्तर प्रदेश के वाराणसी के भेलूपुर क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पीड़ित महिला स्थानीय थाने पहुंची और पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया. महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति उसे अपने दोस्तों से बलात्कार करवाने की धमकी देता है. उसका कहना है कि पति की नजर उसके मायके के मकान पर है, जिसे वह अपने नाम करवाना चाहता है.
महिला अपराध प्रकोष्ठ की एडीसीपी के आदेश पर भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है.पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी पहली शादी थी, जिसमें से उसे एक बेटा है. पहला पति गुजर गया था, इसके बाद उसने वर्ष 2017 में सुनील कुमार से दूसरी शादी की. सुनील कुमार ने उसे शादी का लालच दिया था.
दूसरी शादी के बाद उसके जुड़वां बेटियाँ हुईं. इसके बाद पति सहित ससुराल के सभी लोग उसे और बच्चों को प्रताड़ित करने लगे.पति ने मायके का मकान अपने नाम करवाने की जिद शुरू कर दी. जब महिला नहीं मानी तो पति ने उसे और बच्चों को मारना-पीटना शुरू कर दिया. इतना ही नहीं, अपनी माँ और बहन को भेजकर भी पीड़िता को पिटवाने लगा.
जब इससे भी मन नहीं भरा तो पति ने अपने दोस्तों से दुष्कर्म करवाने की धमकी देनी शुरू कर दी. आखिरकार आजिज आकर पीड़िता अपने बच्चों के साथ थाने पहुंची और जान बचाने की गुहार लगाई. उसने कहा कि यदि पुलिस ने उसकी मदद नहीं की तो वह बच्चों सहित आत्महत्या कर लेगी.