लखनऊ: उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने रविवार को प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे दिया. राजस्व विभाग में विशेष सचिव पद पर तैनात मित्तल ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर कर अपने फैसले की जानकारी दी.
एक्स पर लिखी पोस्ट में उन्होंने कहा, ''आज मैंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए आईएएस से त्यागपत्र दे दिया है. साधारण परिवेश में पलते हुए मैंने एक अच्छे, सफल जीवन का सपना देखा था. दिन-रात एक कर आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बैंगलोर से पढ़ने के बाद लंदन में नौकरी लग गई. लेकिन सब कुछ पा लेने पर भी कुछ अधूरा था. अपने देश में न होना खलता था. मेरी पढ़ाई, आत्मविश्वास… सब इस मिट्टी का कर्ज था मुझ पर. वो कर्ज चुकाना था.''
मित्तल मिर्जापुर और देवरिया की जिलाधिकारी रह चुकी हैं. उन्होंने लिखा कि देवरिया ने सिखाया कि सही के साथ खड़ा होना विकल्प नहीं, कर्तव्य है. मीरजापुर ने सिखाया कि असंभव कोई तथ्य नहीं, बस एक राय है. सबसे बड़ी सीख यह थी कि अपने लिए देखे सपने पूरे हो चुके थे, अब लोगों के लिए देखे सपनों को जीना था.
उन्होंने कहा, ''मूर्ख थी जो सोचा था कि कुछ देने आई हूं. सच यह है कि सबसे ज्यादा मैंने ही पाया. लोग मेरी खुशी में मुझसे ज्यादा खुश हुए. इतना प्यार, सम्मान और अपनापन मिला कि मेरी झोली पूरी भर गई.'' पद छूट गया है, लेकिन देश के लिए देखा सपना और लोगों का विश्वास जीवनभर साथ रहेगा.