नई दिल्ली: मुंबई के चेंबूर स्थित एक मां काली मंदिर में श्रद्धालु उस वक्त स्तब्ध रह गए जब उन्होंने देखा कि मां काली की प्रतिमा को पूरी तरह बदलकर 'मदर मैरी' के रूप में सजा दिया गया है. पुलिस ने मंदिर के पुजारी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है.
घटना शनिवार को अनिक गांव के हिंदू श्मशान घाट परिसर स्थित काली मंदिर की है. वायरल तस्वीरों में मां काली की मूर्ति को सुनहरे वस्त्र पहनाए गए हैं, सिर पर बड़ा मुकुट लगा है जिस पर सफेद सजावट और ऊपर सोने का बड़ा क्रॉस लगा हुआ है. मां का चेहरा, जो परंपरागत रूप से काला या गहरा नीला होता है, उसे सफेद रंग से पुतवा दिया गया था. एक हाथ में बच्चे (जिसे ईसा मसीह माना जा रहा) की मूर्ति भी थी.
मंदिर का बैकड्रॉप भी लाल कपड़े से बदल दिया गया था, जिस पर बड़ा सुनहरा क्रॉस लगा था और दोनों तरफ झालरें व लाइटें सजाई गई थीं. जब भक्तों ने पुजारी से पूछा कि यह क्या किया है, तो उसने दावा किया कि "मां ने उसे सपने में दर्शन दिए और मदर मैरी के रूप में सजाने को कहा". शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई. क्षेत्र में अफवाह और तनाव न फैले, इसलिए पुलिस की मौजूदगी में मूर्ति को तुरंत मूल रूप में वापस लाया गया.
पुजारी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे दो दिन की पुलिस कस्टडी दी गई. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि उसका मकसद क्या था और क्या उसने अकेले यह किया या कोई और शामिल था. मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत दर्ज किया गया है, जिसमें धार्मिक भावनाएं आहत करना और पूजा स्थल को क्षति पहुंचाना शामिल है.
पुलिस ने कहा है कि सख्त कार्रवाई की जाएगी. विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल सहित कई हिंदू संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा की है और दोषियों की पहचान कर सजा देने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है.