Raebareli Nagamani: रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र में एक अजीब घटना ने स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है. पश्चिम गांव के पास खेतों की तरफ रात के समय अचानक एक विचित्र रोशनी दिखाई देने लगी है. यह घटना पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही है, जिसकी वजह से गांव में चर्चा का माहौल बन गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, हर रात लगभग 7 से 8 बजे के बीच खेतों में आग के गोले जैसी चमकदार रोशनी नजर आती है.
यह रोशनी करीब 40 से 60 सेकंड तक रहती है और जब कोई उसके पास पहुंचने की कोशिश करता है तो अचानक गायब हो जाती है. इस अनोखी रोशनी को देखने के लिए अब गांव वालों के साथ-साथ आसपास के इलाकों से भी लोग जमा होने लगे हैं. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कई लोग इसे प्राचीन कथाओं में वर्णित शेषनाग की नागमणि से जोड़ रहे हैं. हिंदू पुराणों के अनुसार, शेषनाग या अन्य नागों के सिर पर एक विशेष मणि होती है, जो रात में दिव्य प्रकाश देती है. कुछ ग्रामीण इसी मान्यता के आधार पर कह रहे हैं कि शायद यही नागमणि है, जो रात में चमक रही है.
कुछ लोग इसे किसी खनिज या धातु की चमक भी बता रहे हैं, जबकि कुछ इसमें डर भी महसूस कर रहे हैं. गांव के लोग अलग-अलग राय रखते हैं. कोई इसे चमत्कार मान रहा है तो कोई साधारण वैज्ञानिक घटना समझ रहा है. कई लोग रात होने का इंतजार करके इस रोशनी को देखने पहुंच रहे हैं.
महाराजगंज के एसडीएम ने इस मामले पर कहा कि कुछ लोगों ने उन्हें इस घटना की जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि अभी यह जांच का विषय है. जैसे ही कोई ठोस जानकारी या निष्कर्ष सामने आएगा, उसकी सूचना दी जाएगी.
अभी तक इस रोशनी का सही कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. यह हो सकता है कि कोई प्राकृतिक घटना हो या फिर किसी मानवीय गतिविधि का परिणाम हो. स्थानीय प्रशासन इसकी जांच कर रहा है. जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, इसे शेषनाग की नागमणि जैसी अलौकिक घटना मानना सिर्फ अटकलें हैं.