पूर्णिया: प्रेम के नाम पर धोखा, फिर 13 महीने की बर्बर कैद और यौन शोषण

Amanat Ansari 02 Apr 2026 10:13: PM 1 Mins
पूर्णिया: प्रेम के नाम पर धोखा, फिर 13 महीने की बर्बर कैद और यौन शोषण

पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. 13 महीने पहले घर से भागी एक युवती को आखिरकार पुलिस ने बंधक अवस्था से मुक्त कराया. युवती ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि जिस युवक पर उसने सबसे ज्यादा भरोसा किया, उसी ने उसे धोखा दिया. युवती ने बताया कि वह शादी का सपना देखकर घर छोड़कर अपने प्रेमी के साथ चली गई थी. लेकिन उसने धोखा देकर पूर्णिया के एक गल्ला व्यापारी को दो लाख रुपए में बेच दिया.

पुलिस के अनुसार, भवानीपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली यह युवती करीब 13 महीने तक एक घर में कैद रखी गई थी. उस दौरान उसके साथ लगातार शारीरिक शोषण किया जाता रहा. विरोध करने पर उसे हथियार दिखाकर डराया जाता था. घर में सूरज की रोशनी भी मुश्किल से पहुंचती थी. वह पूरी तरह से बाहर की दुनिया से कटकर बंधक जीवन जी रही थी.

31 मार्च को परिवार को गुप्त सूचना मिली कि युवती गुलाबबाग के गुंडा चौक के पास एक घर में कैद है. परिवार के बताने पर भवानीपुर और सदर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तुरंत छापेमारी की. पुलिस ने युवती को उस घर से सुरक्षित बाहर निकाला.
छापेमारी के दौरान पुलिस को युवती के बताए अनुसार घर से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए.

इनमें एक देसी कट्टा, दो रिवॉल्वर, 157 जिंदा कारतूस और 7 खोखे शामिल हैं. इसके अलावा पुलिस ने 5 लाख 80 हजार 250 रुपए नकद, सोने-चांदी के गहने, 11 बैंक पासबुक और जमीन से संबंधित कई दस्तावेज भी जब्त किए. मुख्य आरोपी गल्ला व्यापारी प्रह्लाद कुमार जायसवाल को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया गया है.

युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने शादी का झांसा देकर उसे बेचने वाले प्रेमी के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है. उसकी तलाश जारी है. पूर्णिया की एसपी स्वीटी सहरावत ने बताया कि युवती ने ही पुलिस को घर में छिपे हथियारों की जानकारी दी थी.

बरामद दस्तावेजों और बैंक पासबुक की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचना दे दी गई है. युवती का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और जल्द ही उसका बयान कोर्ट में दर्ज किया जाएगा. इसके बाद उसे परिवार को सौंप दिया जाएगा. यह मामला महिलाओं के साथ हो रहे शोषण और मानव तस्करी की गंभीर समस्या को एक बार फिर उजागर करता है.

Bihar News Bihar Crime Purnia News Purnia Crime Sexual Violence

Recent News