ये है महाराष्ट्र के नासिक जिले के कहांडलवाडी गांव का अशोक खरात (Ashok Kharat), जिसे बचपन में इसके साथी मुर्गी चोर कहा करते थे, जो दसवीं में गणित के पेपर में फेल हो जाता है...लेकिन कुछ साल बाद ही खुद को बड़ा अंकशास्त्री बताने लगता है...जब इसकी कुंडली पुलिस खोलती है, तो पता चलता है, ये लोगों से कहता मैंने 90 के दशक में मर्चेंट नेवी की नौकरी ज्वाइन की थी, ऑस्ट्रेलिया में कैप्टन रहा, 154 देशों की यात्राएं और 15 भाषाओं का जानकारी हासिल की, और अब ज्योतिष विद्या में निपुण हो गया हूं...भौकाल जमाने के लिए नासिक जिले के मिरगांव में छोटा सा कमरा बनवाता है, और वहां से धीरे-धीरे इतने पैसे कमा लेता है कि 18 करोड़ का फार्म हाउस, करोड़ों का बंगला, और 5 शहरों में प्रॉपर्टी बना लेता है...और फिर शुरू करता है पूजा-पाठ के नाम पर वो खेल, जिसके आरोप में ये सलाखों के पीछे पहुंच चुका है...एक महिला दावा करती है
अशोक खरात ने उसे धार्मिक विधि के नाम पर तांबे की बोतल से पानी पिलाया, बोतल सिर पर रखने को कहा और उसके शरीर को छूते हुए तथाकथित पूजा करने लगा. फिर उसके साथ गलत हरकत की.
यहां तक कि एक व्यापारी से इसने 90 लाख की मर्सिडीज और करोड़ों रुपये ये डर दिखाकर वसूल लिए कि अगर उसने पूजा नहीं करवाई तो नाग देवता कुपित हो जाएंगे..उसने व्यापारी को ये तक कहा कि मुझे अलग-अलग दिशाओं की ऊर्जा हासिल करने के लिए 21 देशों की यात्रा करनी होगी...मीडिया रिपोर्ट दावा करती है कि इस ढोंगी बाबा ने अपने केबिन के बाहर एक झूमर लगा रखा था, जैसे ही उसकी लाइट बंद करता, वहां खड़ा स्टाफ समझ जाता अब अंदर किसी को नहीं जाने देना है....आज जब उसकी गिरफ्तारी हो चुकी है, महिलाएं इंसाफ मांग रही हैं तो उसके ठिकानों पर पड़े छापे से कई हैरान करने वाली चीजें मिली हैं...
एक रिमोट वाला सांप, जिसकी लंबाई करीब 20 फीट बताई जा रही है, उसे वो तब इस्तेमाल करता, जब खास पूजा के नाम पर लोगों को बुलाता. जैसे ही रिमोट दबाता सांप फन उठा लेता था, तो उसके भक्त कहते नाग देवता प्रकट हो गए हैं.
उसके यहां से बाघ के खाल जैसी कई चीजें भी मिली हैं, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि वहां वो बाघ की दहाड़ जैसी आवाजें सुनाता, चीजें दिखाता, ताकि लोगों को लगे बाबा ने शक्तियों से इसे भी वश में कर लिया है.
महिलाओं से ये अकेले में मिलता, उन्हें पति या बेटे की मौत का डर दिखाकर पहले कथित पूजा-पाठ बताता, फिर एक स्पेशल सामान जिसकी कीमत 10 हजार से 1 लाख थी उसे भी उन्हें बेच देता.
इसके अलावा तुर्की की गुफा से एक खास शहद लाने का दावा भी ये अपने भक्तों से करता, जिसे 9 लाख रुपये किलो के भाव से ये भक्तों को बेचा करता था.. 100 रुपये का इमली का बीज लेकर उसे भी चमत्कारी बताता और लाखों में बेचा करता था.. पुलिस, नेता और अधिकारी ऐसा लगता जैसे सब इसकी जेब में हों, इसलिए कोई आवाज भी नहीं उठा पाता...लेकिन इस कैप्टन की जिंदगी की जहाज तब डूबने लगती है जब एक महिला इसके काले कारनामों की फाइल पुलिस तक पहुंचाती है, नासिक पुलिस रात में इसके आश्रम के बाहर पहुंचती है, चोर-चोर चिल्लाकर इसके भक्तों का ध्यान भटकाया जाता है और इसे गिरफ्तार कर लिया जाता है...और फिर वायरल होते हैं इसके वो वीडियोज जिसे शेयर कर लोग तमाम सवाल खड़े कर रहे हैं, कोई कह रहा बाबाओं से भरोसा उठ रहा, तो कोई कह रहा इस ढोंगी बाबा पर ऐसा एक्शन होना चाहिए कि ऐसा करने की कोई हिमाकत भी न कर पाए...