जयपुर की तमन्ना ने भगवान कृष्ण को चुना जीवनसाथी, 2000 लोग होंगे साक्षी!

Amanat Ansari 02 Apr 2026 06:51: PM 1 Mins
जयपुर की तमन्ना ने भगवान कृष्ण को चुना जीवनसाथी, 2000 लोग होंगे साक्षी!

जयपुर: राजस्थान में एक अनोखी और भावुक कर देने वाली शादी की चर्चा हर तरफ है. जयपुर जिले के जोबनेर इलाके की 21 वर्षीय दिव्यांग युवती तमन्ना कंवर ने भगवान श्रीकृष्ण को अपना जीवनसाथी चुन लिया है. 2 अप्रैल को चैत्र पूर्णिमा के पावन दिन पर तमन्ना का कृष्ण से विवाह पूरे हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होने जा रहा है.

तमन्ना के पिता मंगल सिंह खंगारोत अपनी बेटी के इस दिव्य विवाह के लिए भगवान कृष्ण की खास चांदी की मूर्ति बनवा रहे हैं, जिस पर सोने का पानी चढ़ाया गया है. परिवार ने वृंदावन के भांडीर वन से सुहाग की सारी सामग्री और सिंदूर भी लाया है. मान्यता है कि यहीं ब्रह्माजी ने राधा-कृष्ण का विवाह कराया था.

तमन्ना की मां डॉ. मंजू कंवर ने बताया कि बेटी की दिव्यांगता के कारण सामान्य विवाह में कई दिक्कतें आ रही थीं. वे कन्यादान करना बहुत चाहती थीं. एक दिन पूजा करते समय उनके मन में अचानक यह विचार आया कि बेटी का विवाह भगवान श्रीकृष्ण से कराया जाए. जब उन्होंने यह बात परिवार और आस-पास के लोगों के सामने रखी, तो सबने खुशी-खुशी इसे स्वीकार कर लिया.

इस अनूठे विवाह में हल्दी, मेहंदी, बारात, फेरे और अन्य सभी पारंपरिक रस्में पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जाएंगी. परिवार ने करीब 400 लोगों को निमंत्रण भेजा है और करीब दो हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है.

सोशल मीडिया के जरिए भी भक्तों को इस पवित्र आयोजन का साक्षी बनने के लिए आमंत्रित किया गया है. यह घटना भक्ति, समर्पण और माता-पिता के प्यार का एक बेहद खास उदाहरण बनकर उभर रही है.

Unique wedding Jaipur News Divyang Girl Vivah Marriage with lord krishna

Recent News