हार के बाद मैदान पर नाराज दिखे संजीव गोयनका, ऋषभ पंत से बातचीत का वीडियो वायरल

Amanat Ansari 02 Apr 2026 04:57: PM 2 Mins
हार के बाद मैदान पर नाराज दिखे संजीव गोयनका, ऋषभ पंत से बातचीत का वीडियो वायरल

LSG vs DC: आईपीएल 2026 के पांचवें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा. इकाना स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के बाद टीम के मालिक संजीव गोयनका काफी गुस्से में नजर आए. मैच खत्म होते ही वे मैदान पर कप्तान ऋषभ पंत और सपोर्ट स्टाफ से तीखे अंदाज में बात करते दिखे.

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल रहा है, जिसमें गोयनका पंत से कुछ कहते हुए दिख रहे हैं. फैंस इसे 2024 में केएल राहुल के साथ हुए विवाद से जोड़कर देख रहे हैं. कई लोग टीम मालिक की इस हरकत की आलोचना कर रहे हैं और कह रहे हैं कि खिलाड़ियों से मैदान पर इस तरह सार्वजनिक रूप से बात नहीं करनी चाहिए.

गोयनका का सोशल मीडिया पर बयान

भारी आलोचना के बाद संजीव गोयनका ने 'X' पर एक पोस्ट शेयर किया. इसमें उन्होंने टीम का मनोबल बढ़ाते हुए लिखा, "यह एक लंबा सीजन है और ऐसे पल किसी बड़ी उपलब्धि का हिस्सा होते हैं. मुझे अपने कप्तान ऋषभ पंत और पूरी टीम पर पूरा भरोसा है कि वे मजबूती से वापसी करेंगे. इकाना स्टेडियम में शानदार सपोर्ट देने के लिए फैंस का शुक्रिया. हम और भी मजबूत होकर वापस आएंगे. लखनऊ सुपर जायंट्स की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है."

कप्तान ऋषभ पंत का बयान

हार के बाद कप्तान ऋषभ पंत ने टीम की बल्लेबाजी पर बात की. उन्होंने कहा कि टीम बड़ी पार्टनरशिप बनाने में नाकाम रही. 
पंत ने बताया, "हमारा प्लान था कि निकोलस पूरन नंबर 5 पर आकर पारी को संभालें. हमें एक ऐसे इंपैक्ट प्लेयर की जरूरत थी जो रन बना सके. अच्छी पिच के बावजूद हम बोर्ड पर पर्याप्त रन नहीं लगा पाए. आयुष बडोनी को खास भूमिका दी गई थी कि विकेट गिरने पर वो पारी थामें."

पंत ने माना कि 141 रनों का स्कोर विपक्षी टीम पर दबाव बनाने के लिए काफी नहीं था. उन्होंने कहा कि टीम को करीब 20 रन की कमी महसूस हुई. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि गोयनका ने मैदान पर पंत से ठीक-ठीक क्या कहा, लेकिन वीडियो के वायरल होने के बाद फैंस की राय बंटी हुई है. कुछ लोग इसे भावुकता बता रहे हैं तो कुछ इसे अनुचित तरीका मान रहे हैं. सीजन अभी शुरुआती दौर में है और LSG की नजर अब अगले मैच में वापसी पर होगी.

Goenka on Rishabh Pant Cricket News IPL ipl 2026

Recent News