Kushinagar Road Accident: कुशीनगर जिले में एक दुखद सड़क हादसा हो गया. चैत्र रामनवमी के नहान मेले में जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बड़ी गंडक नहर में पलट गई. इस दुर्घटना में चार महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि 17 लोग घायल हुए हैं. हादसा खड्डा थाना क्षेत्र में हुआ. महाराजगंज जिले के माहनखोर उर्फ बड़हरा गांव से करीब 50 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर नारायणी नदी के भैंसहा घाट स्थित मेले में जा रहे थे. ट्रॉली में ज्यादातर महिलाएं, बच्चे और कुछ पुरुष सवार थे.
सिसवा गोपाल रेगुलेटर के पास अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली का हुक टूट गया. इससे ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और करीब 20 फीट नीचे नहर में पलट गई. पीछे बैठे कुछ पुरुष तो कूदकर बच गए, लेकिन ज्यादातर लोग ट्रॉली के नीचे दब गए. घायलों में बड़ी संख्या में महिलाएं हैं. करीब 10 महिलाओं की कमर की हड्डी टूट गई है. 12 घायलों का इलाज कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जबकि 5 गंभीर घायलों को गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
चार महिलाओं की मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई. मृतक महिलाओं की पहचान मीरा देवी, विमला देवी, किसमति देवी और सरिता देवी के रूप में हुई है. सभी मृतक महाराजगंज जिले के माहनखोर उर्फ बड़हरा गांव की निवासी थीं. स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और ट्रॉली को नहर से बाहर निकाला. पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची.
एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. खड्डा विधायक विवेकानंद पांडे ने अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया और जरूरी मदद का आश्वासन दिया. घायलों में कई लोगों को गर्दन, कमर और अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. डॉक्टरों का कहना है कि घायलों का इलाज जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. यह हादसा श्रद्धालुओं के लिए बेहद दुखद साबित हुआ है. मेले में आनंद मनाने जा रहे लोग इस अनहोनी का शिकार हो गए.