मथुरा: शिक्षित युवा बाबाओं के रूप में महिलाओं को ठगने का सिलसिला एक बार फिर सामने आया है. इस बार मामला मथुरा के गोवर्धन क्षेत्र का है, जहां IIT रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग पढ़ चुके एक युवक ने साधु का भेष धारण कर युवतियों को अपने जाल में फंसाया. पुलिस ने अभिषेक उर्फ आदिकर्ता नारायण दास नामक इस युवक को राधाकुंड के शेरगढ़िया मोहल्ले से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी मूल रूप से ओडिशा के भुवनेश्वर का रहने वाला है.
किस तरह करता था शोषण?
पुलिस के मुताबिक, अभिषेक युवकों-युवतियों को आध्यात्मिक प्रवचनों और भजन-कीर्तन के जरिए आकर्षित करता था. वह उन्हें ब्रेनवॉश कर अपने समूह में शामिल करता और फिर गंधर्व विवाह का नाटक रचकर शारीरिक संबंध बनाता था. आरोपी के मोबाइल फोन से कई युवतियों की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो भी बरामद किए गए हैं. पुलिस को आशंका है कि उसके शिकार में और भी कई लड़कियां हो सकती हैं.
कैसे पकड़ा गया?
मामला तब सामने आया जब एक पीड़ित युवती ने गोवर्धन थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गोवर्धन सीओ अनिल सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, ठगी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि अभिषेक कितने युवा-युवतियों को अपने प्रभाव में लाया और कितनों के साथ उसने गंधर्व विवाह का ढोंग रचा.