नई दिल्ली: भारत ने राजस्थान क्षेत्र में पाकिस्तान सीमा के पास 21 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक (कुल 17 दिन) के लिए एयरस्पेस रिजर्व करने का नोटिस टू एयर मिशन्स (NOTAM) जारी किया है. इस क्षेत्र में भारतीय सेना का अभ्यास होने वाला है. इस घोषणा से पाकिस्तान में घबराहट का माहौल बन गया है.
इस्लामाबाद ने अपनी सेना को हाई अलर्ट पर रख दिया है. भारत के NOTAM जारी होते ही पाकिस्तान में सुरक्षा की तत्काल समीक्षा शुरू कर दी गई. सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है और किसी भी संभावित खतरे का मुंहतोड़ जवाब देने की चेतावनी दी जा रही है. यह आकलन पाकिस्तान के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज के ऑफिस को सौंपा गया है.
पाकिस्तानी सुरक्षा एजेंसियों ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर निगरानी तेज कर दी है. सीनियर रक्षा अधिकारियों का कहना है कि वे घटनाक्रम पर बारीकी से नजर रख रहे हैं और किसी भी खतरे का एहसास होने पर जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने दावा किया है कि वे भारत के इस NOTAM से परेशान नहीं हैं. लेकिन इस्लामाबाद के मंत्रालय और रावलपिंडी के जीएचक्यू में लगातार बैठकें हो रही हैं. पूरा पाकिस्तान सुरक्षा के एक्स्ट्रा अलर्ट मोड पर दिख रहा है.
क्या है NOTAM?
नोटिस टू एयर मिशन्स (NOTAM) एक आधिकारिक विमानन अधिसूचना है, जो पायलटों, एयरलाइंस और एयरस्पेस उपयोगकर्ताओं को अस्थायी बदलावों या प्रतिबंधों की जानकारी देती है. सैन्य अभ्यास, एयरस्पेस प्रतिबंध या अन्य परिचालन जरूरतों के लिए इसे जारी किया जाता है. एयरस्पेस रिजर्वेशन का मतलब सैन्य कार्रवाई की योजना होना जरूरी नहीं है, बल्कि यह बताता है कि उस अवधि में निर्धारित एयरस्पेस उपलब्ध नहीं हो सकता या उस पर प्रतिबंध लग सकता है.