लोकसभा चुनाव के आज सातवें और आखिरी चरण के लिए मतदान हो रहा है. इसी कड़ी में दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की बैठक में शामिल होने के लिए एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार और एनसीपी-एससीपी नेता जितेंद्र अवहाद साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पहुंचे. बता दें कि बैठक में लोकसभा चुनाव समेत तमाम अहम मुद्दों पर मंथन होगा. वहीं इस बैठक से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किनारा कर लिया था.
बैठक में INDIA ब्लॉक के कई नेता मौजूद थे. इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, के.सी. वेणुगोपाल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, NCP नेता शरद पवार, जीतेन्द्र अव्हाड, AAP के संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के सीएम भगवंत मान, संजय सिंह, राघव चड्ढा, डीएमके से टी. आर. बालू, RJD से तेजस्वी यादव और संजय यादव, JMM से चंपई सोरेन और कल्पना सोरेन, नेशनल कॉन्फ्रेंस से फारूक अब्दुल्ला, CPI से डी. राजा, CPI(M) से सीताराम येचुरी, शिवसेना (उद्धव गुट) से अनिल देसाई, CPI (ML) से दीपांकर भट्टाचार्य सीपीआई (एमएल) और बिहार की VIP पार्टी से मुकेश सहनी शामिल थे.
ज्ञात रहे कि पंजाब में मतदान प्रक्रिया का जिम्मा संभालने के बाद सीएम मान आज दिल्ली पहुंच गए हैं. लेकिन पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने इस बैठक से दूरी बनाई थी. मतदान में अपने शीर्ष नेताओं की व्यस्तता के चलते तृणमूल कांग्रेस ने इस बैठक से किनारा किया है. उनके अलावा तमिलनाडु के सीएम स्टालिन ने भी बैठक में हिस्सा नहीं लिया और उनकी जगह आज टीआर बालू बैठक में शामिल हुए.
बैठक के दौरान विपक्षी नेताओं ने चुनाव नतीजों से पहले अपनी रणनीति पर चर्चा की. विपक्षी गठबंधन दावा कर रहा है कि वह भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को केंद्र में सत्ता में लौटने से रोकने और अपनी खुद की सरकार बनाने में सफल रहेगा.
INDIA ब्लॉक बनने के बाद इससे कुल 28 दल जुड़े थे, लेकिन लोकसभा चुनाव से ठीक पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले JDU और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में असर रखने वाली राष्ट्रीय लोक दल जैसी कुछ पार्टियां बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए में शामिल हो गईं थी.