तेहरान: ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में भारत की ओर से उच्च स्तरीय डेलिगेशन ने शुक्रवार को श्रद्धांजलि अर्पित की. डेलिगेशन में शामिल सदस्यों ने दिवंगत नेता को नतमस्तक होकर श्रद्धांजलि दी. डेलिगेशन का नेतृत्व बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा ने किया.
इसमें कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद, पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती और भारत के विभिन्न धर्मों (सिख, हिंदू, मुस्लिम एवं ईसाई) के धर्मगुरु भी शामिल रहे. सैयद अता हसनैन ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने तेहरान में खामेनेई के अंतिम संस्कार समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व किया. साथ ही हालिया संघर्ष में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की.
महबूबा मुफ्ती ने लिखा, "ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई की शहादत पर गहरी संवेदना और एकजुटता जताने के लिए तेहरान पहुंचना मेरे लिए सम्मान की बात है. वे एक ऐसे सम्मानित नेता थे, जिन्होंने धारा के विपरीत खड़े होकर पीड़ितों के लिए संघर्ष किया."
ईरान में खामेनेई के सार्वजनिक अंतिम संस्कार समारोह 5, 6 और 7 जुलाई को तेहरान व कोम में आयोजित होंगे. उन्हें 9 जुलाई को मशहद में दफनाया जाएगा. भारत-ईरान के द्विपक्षीय संबंधों को देखते हुए इस श्रद्धांजलि को दोनों देशों के बीच मजबूत साझेदारी का प्रतीक माना जा रहा है.