Ayodhya Ram Mandir News : राम मंदिर के दान पात्रों से कथित धन चोरी मामले पर पहली बार आरएसएस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। संघ के सरकार्यवाह दत्तायेत्र होसवले ने कहा कि दान पात्रों में जमा राशि की चोरी की घटना ने पूरे समाज और करोड़ों रामभक्तों की श्रद्धा और आस्था को गहरा आघात पहुंचाया है.
होसबाले ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उन्हें कठोर से कठोर दंड दिया जाए. उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से अपेक्षा जताई कि मंदिर की व्यवस्था और संचालन में यदि कोई कमियां हैं तो उन्हें तत्काल प्रभाव से दूर किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास और आस्था पूरी तरह सुरक्षित बनी रहे.
संघ ने अपने बयान में पूरे हिंदू समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील भी की. साथ ही कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का लाभ उठाकर हिंदू धर्म और पूरे समाज को बदनाम करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाना चाहिए.
राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी का मामला इन दिनों लगातार चर्चा में है. मामले की जांच एजेंसियां कर रही हैं और कई आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ जारी है. इसी बीच RSS का यह बयान राजनीतिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. संघ ने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन इस घटना को आधार बनाकर पूरे समाज या धार्मिक आस्था को निशाना बनाना उचित नहीं है.