मुंबई: भारतीय नौसेना ने एक बार फिर समुद्री डकैती का मुंह तोड़ जवाब दिया है. बुधवार की रात अदन की खाड़ी में नौसेना के युद्धपोत INS त्रिकंड ने समुद्री लुटेरों की एक कोशिश को नाकाम कर दिया. भारत के लिए जरूरी सामान ला रहे कमर्शियल जहाज MV गोल्डन आर्सेनल पर डाकुओं ने हमला बोल दिया था. जहाज पर एक भारतीय क्रू मेंबर भी मौजूद था.
क्रू ने तुरंत एंटी-पायरेसी प्रोटोकॉल लागू किया और सुरक्षित कमरे में छिपकर मदद की गुहार की. INS त्रिकंड ने तुरंत जहाज की ओर बढ़ते हुए लुटेरों को खदेड़ दिया. जैसे ही युद्धपोत पहुंचा, डाकू दुम दबाकर भाग खड़े हुए.
इसके बाद भारतीय नौसेना के मार्कोस कमांडो ने जहाज पर सैनिटाइजेशन ऑपरेशन चलाकर उसे पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया. सूत्रों के अनुसार जहाज को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं.
अदन की खाड़ी का महत्व
अदन की खाड़ी दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री मार्गों में से एक है, जहां समुद्री डकैती की घटनाएं आम हैं. भारतीय नौसेना पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र में निरंतर अपनी मौजूदगी बनाए रखते हुए भारतीय और अंतरराष्ट्रीय जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है. यह घटना भारतीय नौसेना की तत्परता और क्षमता को एक बार फिर रेखांकित करती है.