मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना ने समाज में रंग-रूप और शादी के रिश्तों को लेकर बनी पूर्वाग्रहों पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. गायघाट थाना क्षेत्र के मकरंदपुर गांव में 22 वर्षीय अंशु कुमारी नाम की युवती ने आत्महत्या कर ली. परिवार का आरोप है कि शादी के लिए आए 10 से ज्यादा रिश्ते टूटने से वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थी.
परिवार के अनुसार, पिछले तीन साल से अंशु की शादी की कोशिशें चल रही थीं. कई परिवार लड़की को देखने आए, लेकिन हर बार रिश्ता टूट गया. अंशु को यकीन हो चुका था कि उसका सांवला रंग ही रिश्तों में बाधा बन रहा है. इस हीन भावना ने उसे इतना परेशान कर दिया कि वह अकेले में रोने लगी थी और खाना भी छोड़ने लगी थी.
घटना की पूरी डिटेल
मंगलवार रात अंशु बिना खाना खाए अपने कमरे में चली गई. बुधवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार को शक हुआ. खिड़की से झांकने पर उनके होश उड़ गए. अंशु पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकी हुई थी. परिजनों ने तुरंत गायघाट पुलिस को सूचना दी.
पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है. गायघाट थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पूरे गांव में शोक का माहौल है. यह घटना समाज के उस हिस्से को आईना दिखाती है जहां रंग और रूप को अभी भी शादी का सबसे बड़ा मापदंड माना जाता है.