जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाची तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर 1 से 3 जुलाई तक भारत आई हैं। गुरुवार को वह नई दिल्ली पहुंचीं, जहां केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री सनाए ताकाची का औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे और उन्होंने अपने कैबिनेट सहयोगियों से जापानी प्रधानमंत्री का परिचय कराया।
प्रधानमंत्री बनने के बाद सनाए ताकाची का यह पहला भारत दौरा है। अपनी यात्रा के दौरान वह 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगी। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच औपचारिक बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें रक्षा, व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह भारत-जापान यात्रा दोनों देशों के बीच रणनीतिक एवं वैश्विक साझेदारी को नई गति प्रदान करेगी। जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाची ने अपनी भारत यात्रा की तस्वीरें एक्स पर साझा की हैं। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने भी एक्स पर उनका स्वागत करते हुए लिखा, "भारत में आपका हार्दिक स्वागत है, प्रधानमंत्री सनाए ताकाची। आपके भारत के पहले दौरे की मेजबानी कर हमें बेहद खुशी हो रही है।"
गुरुवार को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री सनाए ताकाची के बीच उच्चस्तरीय बैठक होगी, जिसमें सेमीकंडक्टर, हरित ऊर्जा, इंडो-पैसिफिक क्षेत्रीय सुरक्षा और व्यापार जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। दोनों देश इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए मिलकर कार्य करने पर भी जोर देंगे। साथ ही में जपानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाची अपने भारत दौरे के बीच हरियाणा के सोनीपत के पास स्थित खरखौदा में मारूति सुजुकी के 35,000 करोड़ की लागत से बने प्लांट का उद्घाटन करेंगी।