पटना: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में हुए कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी मामले पर BJP विधायक और प्रसिद्ध गायिका मैथिली ठाकुर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. मैथिली ठाकुर ने कहा कि यह गलत एनकाउंटर था और जिन पुलिसकर्मियों ने यह किया है, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.
पटना में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, ''बिहार में लॉ एंड ऑर्डर सख्त जरूर हुआ है, लेकिन एनकाउंटर की जो घटना हुई है, मुझे लगता है कि यह दुराचार है. जिस पुलिस वाले ने गलत एनकाउंटर किया है, उसको कड़ी सजा मिलनी चाहिए. सरकार ने इस पर संज्ञान लिया है और मुझे उम्मीद है कि जल्द कड़ी कार्रवाई होगी.''
17 जून को भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर के बाद राज्य में सियासी बवाल खड़ा हो गया था. भरत की मां की शिकायत पर पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. सरकार ने इसकी न्यायिक जांच के लिए अवकाश प्राप्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में कमिटी गठित की है. मैथिली ठाकुर ने कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र में लॉ एंड ऑर्डर सुधरते देखा है, लेकिन गलत कार्रवाई पर सख्त एक्शन होना चाहिए.