नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने श्रीराम मंदिर से जुड़े एक मामले को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उन्हें जो जानकारी मिली थी, उसकी उन्होंने पूरी तरह पुष्टि कर ली है और अब यह स्पष्ट हो गया है कि वह जानकारी सही है. केजरीवाल ने ऐलान किया कि वह बुधवार दोपहर 1 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का खुलासा करेंगे.
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा कि शुरुआत में उन्हें इस जानकारी पर भरोसा नहीं हुआ था, लेकिन कई दिनों तक इसकी पड़ताल करने के बाद उन्हें इसकी सत्यता का विश्वास हो गया. उन्होंने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह सभी तथ्यों को सार्वजनिक करेंगे.
इससे पहले भी केजरीवाल अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चंदे में कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर लगातार सवाल उठाते रहे हैं. उन्होंने मांग की थी कि मामले में केवल निचले स्तर के कर्मचारियों के खिलाफ नहीं, बल्कि यदि जांच में बड़े नाम सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए. उन्होंने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग भी दोहराई थी.
उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने श्रीराम मंदिर में चंदे के कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और सभी की निगाहें अब केजरीवाल की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिकी हैं, जिसमें उनके दावों के समर्थन में कौन से दस्तावेज या सबूत सामने आते हैं, यह देखना महत्वपूर्ण होगा.