थाने में दलाल लिख रहा था पुलिस की केस डायरी, DIG का बड़ा एक्शन- 10 दारोगा सस्पेंड

Amanat Ansari 03 Jul 2026 08:27: PM 1 Mins
थाने में दलाल लिख रहा था पुलिस की केस डायरी, DIG का बड़ा एक्शन- 10 दारोगा सस्पेंड

सहरसा: बिहार पुलिस के लिए शर्मिंदगी भरा दिन. कोसी रेंज में एक दलाल थाने में घुसकर पुलिस की जांच प्रक्रिया को ही अपने हाथ में ले लिया था. अब डीआईजी कुमार आशीष ने सख्ती दिखाते हुए 10 पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है.

सहरसा के सलखुआ थाना क्षेत्र में एक वीडियो वायरल होने के बाद यह घोटाला सामने आया. वीडियो में पुलिस अनुसंधान में बाहरी व्यक्ति के अनधिकृत हस्तक्षेप के सबूत थे. डीआईजी कुमार आशीष ने तुरंत जांच शुरू की.

जांच के दौरान सतीश कुमार नाम के दलाल को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से लैपटॉप और पुलिस की कई संवेदनशील फाइलें बरामद हुई हैं. पुलिस के मुताबिक सतीश कुमार सहरसा, सुपौल और मधेपुरा के कई थानों में खुलेआम आता-जाता था. वह लोगों से पैसे लेकर केस प्रभावित करता था और थाने में बैठकर खुद केस डायरी लिखता था,  जो पुलिस नियमों का सीधा उल्लंघन है.

डीआईजी का सख्त एक्शन

डीआईजी कुमार आशीष ने तत्काल कार्रवाई करते हुए  सलखुआ थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक सुवेलाल पासवान, पंकज कुमार, जूही कुमारी, शिशुपाल रविदास, अरमोद कुमार, चन्द्रजीत प्रभाकर, पिंकी कुमारी, मनीषा कुमारी घैलाढ़ थाना अध्यक्ष ज्योतिष कुमार को निलंबति कर दिया है. सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.

डीआईजी ने साफ कहा कि पुलिस की छवि खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. आरोपी दलाल को जेल भेजा जा रहा है और उसके पूरे नेटवर्क की जांच चल रही है. यह घटना कोसी रेंज में पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है. डीआईजी की इस बड़ी कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है.

Kosi DIG Saharsa News Bihar Police Case Diary

Recent News