19 सितंबर को टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज की होगी शुरुआत, जल्द होगा भारतीय टीम का ऐलान

Global Bharat 04 Sep 2024 03:28: PM 1 Mins
19 सितंबर को टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज की होगी शुरुआत, जल्द होगा भारतीय टीम का ऐलान

19 सितंबर को टीम इंडिया और बांग्लादेश के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत होने जा रही है. चेन्नई में भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज के पहले मैच की शुरुआत होगी. भारतीय टीम की कप्तानी रोहित शर्मा करेंगे, इस सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द ही टीम की घोषणा कर सकता है. टेस्ट सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच 3 मैचों की टी20 सीरीज भी खेली जायेगी. 

टेस्ट सीरीज के लिए इस बार की टीम में युवाओं को मौका दिए जाने की संभावना है, जबकि अनुभवी खिलाड़ी भी टीम का हिस्सा हो सकते हैं. यशस्वी जायसवाल ने हाल के दिनों में अपने प्रदर्शन से अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है. उनके साथ शुभमन गिल का भी नाम लगभग तय माना जा रहा है, अगर शुभमन गिल आगामी दिलीप ट्रॉफी में उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर लिया तब उनके नाम पर पूरी तरह से मुहर लग जायेगी. 

बांग्लादेश के खिलाफ आगामी घरेलु टेस्ट सीरीज में ध्रुव जुरेल और सरफराज खान को भी मौका मिलने की संभावना पूरी है. इन दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और टीम इंडिया के लिए एक संभावित विकल्प हो सकते हैं. सरफराज और जुरेल ने अपने खेल से चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया है और इनकी टीम में शामिल होने की पूरी संभावना है.

रविंद्र जडेजा, जो टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद खेल खेल के सबसे छोटे प्रारूप से संन्यास ले चुके हैं, टेस्ट टीम में अपनी जगह बना सकते हैं. जडेजा एक शानदार ऑलराउंडर हैं और उनके अनुभव का टीम को लाभ मिल सकता है. वहीं, स्पिन गेंदबाजों में रविचंद्रन अश्विन और कुलदीप यादव अहम भूमिका निभा सकते हैं. ये दोनों स्पिनर भारतीय पिचों पर घातक साबित हो सकते हैं.

तेज गेंदबाजों में मुकेश कुमार और मोहम्मद सिराज को भी मौका मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा, अर्शदीप सिंह का नाम भी चर्चा में है. इन सभी गेंदबाजों की प्रदर्शन पर चयन समिति नजर बनाए रखेगी. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भी लगभग निश्चित माने जा रहे हैं. हाल ही में चोट से वापसी के बाद पंत ने काफी दमदार प्रदर्शन किया है, जिससे उनकी जगह टीम में लगभग पक्की हो गई है.

बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में संभावित भारतीय टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, सरफराज खान, देवदत्त पडीक्कल, रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार और अर्शदीप सिंह

Recent News