भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने तीसरे वनडे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप कर लिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 38.8 ओवर में 162 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. भारत ने 28.2 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
दीप्ति शर्मा ने 39 रन नाबाद बनाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 22 गेंदों पर 32 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली. जेमिमा रोड्रिग्स ने 29 रन बनाए. वहीं, भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने सिर्फ 11 गेंदों पर 23 रन ठोककर टीम को जीत तक पहुंचाया.
हालांकि, भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही. ओपनर स्मृति मंधाना सिर्फ 19 गेंदों में 4 रन बनाकर आउट हो गईं. वहीं, दूसरी ओपनर प्रतीका रावल ने 23 गेंदों पर 18 रनों का योगदान दिया.
वेस्टइंडीज की ओर से गेंदबाजी प्रदर्शन
वेस्टइंडीज की गेंदबाजों में डिएंड्रा डॉटिन, एलिया एलियाने, हेली मैथ्यूज, अफी फ्लेचर और करिश्मा रामचरण ने एक-एक विकेट लिया. हालांकि, उनकी गेंदबाजी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रही.
वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी का हाल
वेस्टइंडीज की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए खराब शुरुआत की. कप्तान हेली मैथ्यूज और क्वेना जोसेफ बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं. इन दोनों को रेणुका सिंह ठाकुर ने आउट किया. इसके बाद शेमन कैंपबेल ने 62 गेंदों में 46 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की. चिनेली हेनरी ने 72 गेंदों में 61 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के और पांच चौके लगाए.
दीप्ति शर्मा और रेणुका सिंह का घातक प्रदर्शन
दीप्ति शर्मा ने घातक गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 31 रन देकर 6 विकेट चटकाए. वहीं, रेणुका सिंह ठाकुर ने 9.5 ओवर में 29 रन देकर 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा. इन दोनों गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर वेस्टइंडीज की टीम बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रही.
इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने साबित कर दिया कि वह हर विभाग में बेहतरीन प्रदर्शन करने में सक्षम है.