एक बार फिर इंडिगो को बम से उड़ाने की मिली धमकी, मुंबई एयरपोर्ट पर करानी पड़ी आपातकालीन लैंडिंग

Global Bharat 01 Jun 2024 12:56: PM 1 Mins
एक बार फिर इंडिगो को बम से उड़ाने की मिली धमकी, मुंबई एयरपोर्ट पर करानी पड़ी आपातकालीन लैंडिंग

एक सप्ताह के भीतर शनिवार को दूसरी बार इंडिगो विमान को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. दरअसल, इस बार चेन्नई से मुंबई जा रहे इंडिगो विमान 6E5314 को बम से उड़ाने की धमकी के कारण मुंबई हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई.

इंडिगो ने इसको लेकर एक बयान जारी किया है. उन्होंने बताया कि 172 यात्री विमान से सुरक्षित उतर गए हैं. सूत्रों के अनुसार विमान को सुबह करीब 8.45 बजे इमरजेंसी लैंड किया गया और सबी यात्रियों को विमान से उतारा गया.

बताया गया कि शनिवार को चेन्नई-मुंबई रूट पर उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E5314 की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई, जब पायलट ने मुंबई एटीसी को विमान में बम होने की कथित धमकी की सूचना दी थी.

वहीं चेन्नई-मुंबई उड़ान में बम की कथित धमकी की पुष्टि करते हुए इंडिगो ने एक बयान में कहा कि मुंबई में उतरने पर चालक दल ने प्रोटोकॉल का पालन किया और विमान को सुरक्षा एजेंसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार एक आइसोलेशन बे में ले जाया गया.

सभी यात्री सुरक्षित रूप से विमान से उतर गए हैं, जिसके बात जांच की गई. सभी सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विमान को वापस टर्मिनल क्षेत्र में रखा जाएगा. बता दें कि पिछले एक हफ्ते में इंडिगो की फ्लाइट से जुड़ी यह दूसरी ऐसी घटना है.

इससे पहले 28 मई को दिल्ली से वाराणसी जा रही इंडिगो की फ्लाइट में बम होने की कथित धमकी मिली थी. हालांकि बाद में फर्जी कॉल साबित हुआ था. सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की छानबीन में भी जुट गई थी. पिछले कुछ महीनों में ऐसी कई धमकियां मिली हैं. 

कई बार स्कूल कॉलेजों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है. वहीं तीन दिन पहले अयोध्या राम मंदिर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. जिससे शासन से लेकर प्रशासन तक हड़कंप मच गया था. ये धमकी कुशीनगर में डायल 112 पर कॉल करके दी गई थी.

Recent News