JDU Leader Objectionable Video: सारण जिले के मढ़ौरा प्रखंड के जनता दल यूनाइटेड (JDU) नेता बलिराम सिंह उर्फ गामा सिंह का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो में उन्हें एक युवती के साथ सुनसान खेत में देखा जा रहा है, जिसके बाद स्थानीय स्तर पर काफी चर्चा और विवाद शुरू हो गया है. देर रात का यह वीडियो काफी ड्रामेटिक है. इसमें कुछ युवक शोर मचाते हुए एक युवती का पीछा करते नजर आ रहे हैं.
डरी-सहमी युवती भागती हुई पास खड़े गामा सिंह के पास पहुंच जाती है. वीडियो के कुछ हिस्सों में युवती अपना चेहरा छिपाने की कोशिश करती दिख रही है और मोबाइल पर रिकॉर्डिंग कर रहे युवकों को चप्पल से भगाने की कोशिश भी करती है. आखिर में गामा सिंह युवती को अपने साथ लेकर सुरक्षित जगह की ओर जाते दिख रहे हैं. जब वीडियो वायरल हो गया और राजनीतिक हलकों में इसकी चर्चा तेज हुई, तब गामा सिंह ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा.
उन्होंने पूरे मामले को अपने विरोधियों की साजिश बताया. उन्होंने कहा कि मैं छपरा से वापस आकर रात में अपने खेत में गेहूं की कटाई का जायजा लेने गया था. वहां मुझे कुछ लड़के एक लड़की को परेशान करते और उसका वीडियो बनाते दिखे. लड़की बहुत डरी हुई थी और मेरे पास मदद मांगने आई. मैंने सिर्फ उसे सुरक्षित सड़क तक छोड़ दिया. मुझ पर लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत और बेबुनियाद हैं.
युवती ने भी दिया अपना बयान
वीडियो में दिख रही युवती ने भी सामने आकर अपना पक्ष रखा है. उसने बताया कि वह बाजार से लौट रही थी और रास्ते में शौच के लिए खेत की तरफ गई थी. तभी कुछ बदमाश लड़कों ने उसे घेर लिया और परेशान करना शुरू कर दिया. डर के मारे वह भागी और पास में मौजूद गामा सिंह से मदद मांगी. युवती ने वीडियो बनाने वाले युवकों पर ही मुख्य आरोप लगाए हैं.
विपक्ष और सोशल मीडिया की प्रतिक्रिया
हालांकि नेता और युवती दोनों ने सफाई दे दी है, लेकिन विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना पर तीखी टिप्पणियां की हैं. कई लोग इसे नैतिकता से जुड़ा मुद्दा बता रहे हैं, तो कुछ इसे चुनावी साजिश करार दे रहे हैं. मढ़ौरा पुलिस ने अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है और न ही किसी तरफ से FIR दर्ज कराई गई है. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी बहस चल रही है.