तेहरान: ईरान ने अमेरिका और इजरायल को सख्त चेतावनी दी है. ईरान की सेना के सबसे बड़े सैन्य मुख्यालय 'खातम अल-अनबिया' के प्रवक्ता ने कहा है कि अगर अमेरिका या इजरायल आम नागरिकों को निशाना बनाते हैं, तो ईरान का जवाब पहले से कहीं ज्यादा खतरनाक और बड़े स्तर का होगा.
यह बयान ईरान के सरकारी मीडिया आईआरआईबी (इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग) पर जारी किया गया. ईरान ने यह चेतावनी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हालिया धमकी के जवाब में दी है. ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान मंगलवार तक होर्मुज जलडमरूमध्य फिर से नहीं खोलता, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट और पुलों पर हमला करेगा.
ईरान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और सभी देशों से अपील की है कि वे ट्रंप की इस धमकी को रोकें, क्योंकि यह एक गंभीर युद्ध अपराध होगा. ईरान का कहना है कि आम लोगों पर कोई भी हमला दोहराया गया तो उसका बदला और भी भारी पड़ेगा.
बता दें कि एक दिन पहले सोशल मीडिया पोस्ट में डोनाल्ड ट्रंप ने गाली का इस्तेमाल करते हुए लिखा, मंगलवार को 'पावर प्लांट डे' और 'ब्रिज डे' होगा. यानी साफ धमकी कि ईरान के बिजली घरों और पुलों पर हमले होंगे. 'होर्मुज खोलो, वरना जहन्नुम में रहोगे. बस देखते रहो. अल्लाह की तारीफ करो.'