तेहरान: ईरान में गिराए गए एक अमेरिकी फाइटर जेट के पायलट को बचाने के लिए अमेरिकी सेना ने रात के अंधेरे में एक जोखिम भरा ऑपरेशन चलाया. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस मिशन में किसी के जान जाने की बात से इनकार किया, लेकिन अमेरिकी बलों को अपने कुछ विमानों को खुद ही नष्ट करना पड़ा. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान 2 MC-130J ट्रांसपोर्ट प्लेन फंस गए थे. इन्हें दुश्मन के हाथों में पड़ने से बचाने के लिए अमेरिकी सेना ने इन्हें उड़ा दिया.
ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर घालिबाफ ने सोशल मीडिया पर इन जले हुए विमानों के मलबे की एक तस्वीर पोस्ट कर अमेरिका का मजाक उड़ाया है. यह बचाया गया अधिकारी उस F-15E जेट का हिस्सा था जिसे ईरान ने शुक्रवार को अपने एयर डिफेंस सिस्टम से मार गिराया था. इस जेट में दो क्रू मेंबर थे. एक को पहले ही बचा लिया गया था, जबकि दूसरे की तलाश दोनों तरफ से जोरों पर थी. ट्रंप ने बताया कि अमेरिका ने इस रेस्क्यू के लिए दर्जनों हथियारों से लैस विमान भेजे थे.
ट्रंप ने Truth Social पर लिखा, "हम उसे बचा लाए!" उन्होंने इसे "ईरान के खतरनाक पहाड़ी इलाके" में किया गया अभूतपूर्व ऑपरेशन बताया. उन्होंने कहा कि यह पहला मौका है जब दो अमेरिकी पायलटों को अलग-अलग दुश्मन क्षेत्र से सुरक्षित निकाला गया. बचाए गए अधिकारी को कर्नल बताया गया, जो जेट का वीपन सिस्टम ऑफिसर था. वे घायल जरूर हुए हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है. ट्रंप ने बताया कि एक दिन पहले दूसरे पायलट को भी बचा लिया गया था.
इजरायली सुरक्षा सूत्रों के अनुसार, इस रेस्क्यू में इजरायल ने अमेरिका को खुफिया जानकारी मुहैया कराई और अपने हमलों को भी रोक लिया ताकि ऑपरेशन आसानी से पूरा हो सके. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान कई अमेरिकी विमान तबाह हो गए.
ईरानी मीडिया के अनुसार, IRGC ने कहा कि उनके जॉइंट ऑपरेशन (एयरोस्पेस, ग्राउंड फोर्स, पॉपुलर यूनिट्स, बसिज और पुलिस) में दुश्मन के कई एयरक्राफ्ट नष्ट किए गए. ईरान के पुलिस कमांड ने दक्षिणी इस्फहान में एक अमेरिकी C-130 ट्रांसपोर्ट प्लेन को मार गिराने का दावा किया. ईरानी सशस्त्र बलों के एकीकृत कमांड (खातम अल-अनबिया) के प्रवक्ता ने कहा कि नुकसान में एक C-130 ट्रांसपोर्ट प्लेन और दो ब्लैक हॉक हेलिकॉप्टर शामिल हैं.
सीएनएन के अनुसार, इस संघर्ष में अब तक कम से कम सात अमेरिकी मैनेड एयरक्राफ्ट नष्ट हो चुके हैं. इनमें पिछले हफ्ते गिराए गए F-15 और एक A-10 भी शामिल हैं. अगर ईरान के नए दावे सही साबित होते हैं, तो कुल नुकसान दो अंकों में पहुंच जाएगा, जो ट्रंप के अमेरिकी हवाई श्रेष्ठता वाले बयानों के लिए बड़ा झटका होगा.